कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी विरोधियों के निशाने पर तो रहते ही हैं लेकिन अब वह अपनी ही पार्टी के नेताओं के निशाने पर हैं। दरअसल कांग्रेस के पूर्व सांसद लक्ष्मण सिंह ने राहुल गांधी को एक साधारण सा पार्टी कार्यकर्ता बताया है और कहा कि उन्हें बहुत ज्यादा तवज्जो नहीं दी जानी चाहिए। लक्ष्मण सिंह कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह के छोटे भाई हैं।

मध्य प्रदेश के गुना में लक्ष्मण सिंह पत्रकारों से बात कर रहे थे। इसी दौरान पत्रकारों ने उनसे राहुल गांधी के उसे बयान को लेकर सवाल पूछ लिया जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्हें टीवी पर काम दिखाया जाता है। इसका जवाब में लक्ष्मण सिंह ने कहा, “राहुल गांधी पार्टी के अध्यक्ष नहीं है, वह केवल सांसद हैं। इसके अलावा राहुल गांधी कुछ नहीं हैं। मीडिया के लोगों को राहुल गांधी को ज्यादा तवज्जो नहीं देनी चाहिए, ना ही हमें ऐसा करना चाहिए।”

लक्ष्मण सिंह ने यह भी कहा कि वह पार्टी के सभी नेताओं के बराबर हैं। उन्होंने कहा , “कोई अपने जन्म से नहीं बल्कि कर्म से बड़ा बनता है। राहुल गांधी को इतना बड़ा नेता मत मानिए। मैं भी नहीं मानता। वह केवल एक सांसद है।

लक्ष्मण सिंह कांग्रेस पार्टी के टिकट पर पांच बार सांसद बन चुके हैं। वहीं तीन बार विधायक रह चुके हैं। उनकी गिनती कांग्रेस के कद्दावर नेताओं में होती है। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान गुना जिले की चचौरा विधानसभा सीट से लक्ष्मण सिंह ने चुनाव लड़ा था। हालांकि उन्हें भाजपा प्रत्याशी प्रियंका पेंची ने 60,000 से अधिक वोटों से हराया था।

जनवरी के पहले हफ्ते में इंडिया गठबंधन के नेता सीट शेयरिंग के मुद्दे पर बातचीत शुरू करेंगे। वहीं इससे पहले बंगाल में कांग्रेस और टीएमसी के बीच खींचतान शुरू हो गई है। टीएमसी नेता कुणाल घोष ने कहा है कि राहुल गांधी और सोनिया गांधी में बहुत अंतर है। साथ ही उन्होंने कहा कि बंगाल कांग्रेस बीजेपी की दलाल है। कुणाल घोष ने कहा की सीट बंटवारे पर फैसला ममता बनर्जी ही लेंगी और वही हम सबको इसके बारे में बताएंगी।