कर्नाटक विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केआर रमेश कुमार ने दुष्कर्म को लेकर बेहद शर्मनाक बयान दिया था। उन्होंने कर्नाटक विधानसभा में कहा, “जब बलात्कार होना ही है तो लेट जाओ और इसका मजा लो।” इस बयान को लेकर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर निशाना साधा, जिसके बाद प्रियंका गांधी ने केआर रमेश कुमार के बयान की निंदा की है।
प्रियंका गांधी ने कांग्रेस विधायक के आपत्तिजनक बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्वीट किया, ”मैं पुरजोर तरीके से केआर रमेश कुमार के बयान की निंदा करती हूं। यह अकल्पनीय है कि कोई व्यक्ति ऐसे शब्दों का इस्तेमाल कैसे कर सकता है। ऐसे बयानों का बचाव नहीं किया जा सकता है। दुष्कर्म एक घृणित अपराध है, फुल स्टॉप।”
इसके पहले, कांग्रेस विधायक के विवादित बयान पर भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। केआर रमेश कुमार के बयान पर भड़कीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि कांग्रेस नेता ने शर्मनाक बयान दिया है। स्मृति ईरानी ने कहा, ”महिला सशक्तिकरण के बारे में बात करने और यूपी में जाकर ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ जैसे नारे देने से पहले कांग्रेस को अपने इस नेता को पार्टी से निकालना चाहिए।”
केआर रमेश कुमार द्वारा दुष्कर्म पर विवादित बयान देने के मामले में कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने महिलाओं से माफी मांगी है। डीके शिवकुमार ने ट्वीट कर कहा, ”कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के रूप में, मुझे बहुत अफसोस है कि एक कांग्रेस विधायक ने ऐसे शब्द बोले। मैं यह सुनिश्चित करूंगा कि इस तरह के शब्द कभी भी दोहराए नहीं जाएंगे।”
वहीं, अपने बयानों के कारण चौतरफा आलोचना झेल रहे केआर रमेश कुमार ने माफी मांग ली है। उन्होंने कहा कि आगे से वह अपने शब्दों के चयन को लेकर सावधानी बरतेंगे। साथ ही कांग्रेस विधायक ने कहा कि महिलाओं का अपमान करने का उनका कोई इरादा नहीं था।
बता दें कि केआर रमेश कुमार ने गुरुवार को कर्नाटक विधानसभा में कहा था, ”कहावत है कि जब बलात्कार अपरिहार्य हो, तो लेट जाओ और इसका आनंद लो।” जबकि विधानसभा अध्यक्ष विश्वेश्वर हेगड़े कागेरी इस पर कार्रवाई करने के बजाय ठहाके लगाते दिखाई दिए थे।