हरियाणा सरकार ने आप संयोजक अरविंद केजरीवाल के खिलाफ यमुना के पानी को लेकर दिए उनके बयान पर केस दर्ज किया है। केजरीवाल ने कहा था कि भाजपा सरकार दिल्ली की पानी सप्लाई में जहर घोल रही है। हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी ने कहा था कि अरविंद केजरीवाल को तुरंत दिल्ली और हरियाणा की जनता से माफ़ी मांगनी चाहिए, नहीं तो हम उनके खिलाफ़ मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे।

हरियाणा सरकार पर यमुना के पानी में जहर मिलाने का आरोप लगाने वाले दिल्ली के पूर्व CM अरविंद केजरीवाल को सोनीपत कोर्ट ने नोटिस भेज दिया है। सिंचाई विभाग के एक अधिकारी ने सोनीपत सीजेएम की कोर्ट में शिकायत दायर की थी। इस शिकायत पर कोर्ट ने संज्ञान लेते हुए नोटिस भेजा है। सोनीपत की अदालत ने केजरीवाल के बयान के लिए उन्हें 17 फरवरी को तलब किया है।

मंत्री विपुल गोयल ने इंडियन एक्सप्रेस से कहा , “केजरीवाल के बयान से दिल्ली और हरियाणा में दहशत फैल गई है। हरियाणा सरकार उनके खिलाफ सोनीपत में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट में आपदा प्रबंधन अधिनियम की धारा 2 (D) और 54 के तहत मामला दर्ज कराएगी और इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।”

अधिनियम की धारा 2 (D) में आपदा को परिभाषित किया गया है जबकि धारा 54 में आपदा के बारे में गलत अलार्म या चेतावनी देने पर दंड का प्रावधान है। केजरीवाल के बयान को गैरजिम्मेदाराना बताते हुए विपुल गोयल ने केजरीवाल पर बड़ा झूठ बोलने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा, “हम दिल्ली को किस तरह का पानी देते हैं, हमारे सभी अधिकारियों ने सप्लाई किए जा रहे पानी की जांच की है।”

‘मैं भी वही पानी पीता हूं, कोई इसमें जहर क्यों मिलाएगा…’, यमुना पर आरोपों को लेकर केजरीवाल पर PM मोदी का पलटवार

नायब सैनी ने पिया दिल्ली में यमुना नदी से पानी

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने आज दिल्ली के पल्ला गांव में यमुना नदी से पानी का एक घूंट लिया। इस दौरान उन्होंने कहा, ”अरविंद केजरीवाल द्वारा एक दुर्भाग्यपूर्ण बयान अपने राजनीतिक फायदे के लिए और लोगों के मन में डर पैदा करने के लिए दिया गया था। आज मैं यहां यमुना नदी के तट पर आया हूं और यमुना से पानी का एक घूंट लिया है। केजरीवाल ने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार ने यमुना नदी के पानी में जहर मिलाया और बड़े पैमाने पर नरसंहार की बात कही। जल संसाधन प्राधिकरण ने यहां से नमूने लिए और पानी में कोई जहर नहीं मिला।”

केजरीवाल को हरियाणा और दिल्ली की जनता से माफ़ी मांगनी चाहिए- सीएम सैनी

वहीं, इससे पहले सीएम सैनी ने कहा था कि केजरीवाल को हरियाणा और दिल्ली की जनता से माफ़ी मांगनी चाहिए या फिर मानहानि का मुकदमा झेलना चाहिए। भाजपा नेता ने कहा, “चुनाव में अपनी संभावित हार को देखते हुए केजरीवाल अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं। उन्हें तुरंत दिल्ली और हरियाणा की जनता से माफ़ी मांगनी चाहिए, नहीं तो हम उनके खिलाफ़ मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे। केजरीवाल ने उस धरती का अपमान किया है, जहां वे पैदा हुए हैं । “

सैनी ने कहा, “केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली जल बोर्ड के इंजीनियरों ने यमुना का पानी दिल्ली आने से रोक दिया क्योंकि उन्हें पता चला कि पानी में ज़हर है। इंजीनियर इस नतीजे पर कैसे पहुंचे कि इसमें ज़हर है? केजरीवाल को बताना चाहिए कि इसमें कौन सा और कितना ज़हर डाला गया और अगर पानी ज़हरीला था तो कितनी मछलियाँ मर गईं?’ हरियाणा के लोग यमुना को पवित्र नदी मानते हैं और इसकी पूजा करते हैं। वे इसके पानी में ज़हर क्यों मिलाएंगे?” पढ़ें- ‘RO से भी बढ़िया पानी’, हरियाणा BJP नेताओं ने सोनीपत में पिया यमुना का जल, बोले- केजरीवाल कपूत है