Northeast First Vande Bharat Express: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार (29 मई) नॉर्थ ईस्ट की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को वीडियो कॉन्फ्रेंसिग के माध्यम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन गुवाहाटी से न्यू जलपाईगुड़ी के बीच चलेगी। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘आज असम सहित पूरे नॉर्थ ईस्ट के लिए बहुत महत्वपूर्ण दिन है। नॉर्थ ईस्ट की कनेक्टिविटी से जुड़े तीन काम हो रहे हैं। नॉर्थ ईस्ट को पहली मेड इन इंडिया वंदे भारत मिल रही है। दूसरा ये पश्चिम बंगाल को जोड़ने वाली तीसरी वंदे भारत है और असम और मेघालय के लगभग 425 किमी ट्रैक पर विद्युतीकरण का काम पूरा हो गया है।’

9 साल में देश ने अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘बीते 9 साल, भारत के लिए अभूतपूर्व उपलब्धियों के रहे हैं, नए भारत के निर्माण के रहे हैं। कल ही देश को आज़ाद भारत की भव्य-दिव्य आधुनिक संसद मिली है। ये भारत के हज़ारों वर्ष पुराने लोकतांत्रिक इतिहास को हमारे समृद्ध लोकतांत्रिक भविष्य से जोड़ने वाली संसद है।’

वंदे भारत ट्रेन के उद्घाटन से पहले असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा , ‘यह हमारे लिए गौरव का क्षण है। यह वंदे भारत ट्रेन पहली बार पश्चिम बंगाल और असम को जोड़ेगी। इसके लिए प्रधानमंत्री और रेल मंत्री को धन्यवाद। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा, ‘नॉर्थ ईस्ट में अब वंदे भारत ट्रेन आपको सेवा देगी। वर्ल्ड क्लास ट्रेन जिसकी हम पहले विदेशों की वीडियो देखा करते थे वह अब हमारे देश में आपकी सेवा में है।’

देश की 18वीं वंदे भारत ट्रेन

यह देश की 18वीं वंदे भारत ट्रेन है। वंदे भारत एक्सप्रेस में कुल आठ कोच हैं। इनमें सात AC चेयर कार और एक एग्जीक्यूटिव क्लास कोच है। कुल 530 सीटें हैं। वंदे भारत को चेन्नई की इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) बनाती है।

Vande Bharat Express
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव असम के सीएम को वंदे भारत की खासियत बताते हुए। (PHOTO BY PRABHAT UPADHYAY)

इस रूट पर अब तक की सबसे तेज ट्रेन

यह वंदे भारत ट्रेन गुवाहाटी को न्यू-जलपाईगुड़ी से जोड़ेगी। जो तकरीबन 407 किलोमीटर की दूरी 5.30 घंटे में तय करेगी। इस रूट पर चलने वाली यह अब तक की सबसे तेज चलने वाली ट्रेन है। इससे पहले गुवाहाटी से न्यू जलपाईगुड़ी के बीच राजधानी एक्सप्रेस चलती थी। जो लगभग छह घंटे का समय लेती थी। इस लिहाज से नई वंदे भारत ट्रेन चलने से यात्रियों को सुविधाओं के साथ उनके महत्वपूर्ण समय (1 घंटा) की भी बचत होगी।

जानिए ट्रेन का रूट

गुवाहाटी-न्यू जलपाईगुड़ी वंदे भारत मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलेगी। यह कामाख्या, न्यू बोंगईगांव, कोकराझार, न्यू अलीपुरद्वार और न्यू कूचविहार स्टेशनों पर रुकेगी।

first Vande Bharat Express of the Assam Northeast
वंदे भारत ट्रेन के लोको पायलट (PHOTO BY PRABHAT UPADHYAY)

ट्रेन की टाइमिंग

वंदे भारत गुवाहाटी से शाम 4.30 बजे शुरू होगी। 4.40 पर कामाख्या पहुंचेगी और यहां दो मिनट रुकेगी। इसके बाद इस ट्रेन का स्टॉपेज एक मिनट का है। 6.35 पर न्यू बोंगाईगांव, 6.56 पर कोकराझार, 7.48 पर न्यू अलीपुरद्वार, 8.02 पर न्यू कूचबिहार और 10 बजे न्यू जलपाईगुड़ी पहुंचेगी। इसी तरह सुबह 6:10 मिनट पर न्यू जलपाईगुड़ी से चलेगी। 7.35 पर न्यू कूचबिहार, 7.50 पर न्यू अलीपुरद्वार, 8.40 पर कोकराझार, 9.13 पर न्यू बोंगाईगांव, 11.18 पर कामाख्या 11.40 पर गुवाहाटी पहुंचेगी।

इन राज्यों को जोड़ रही वंदे भारत ट्रेन

इससे पहले देशभर में 17 वंदे भारत ट्रेन संचालित हो रही थीं, जो 21 राज्यों को आपस में जोड़ती हैं। इनमें जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, महाराष्ट्र, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल शामिल हैं।