जम्मू। पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर मोर्टार और गोलियां दागते हुए पाकिस्तानी सैनिकों ने एक बार फिर संघर्षविराम का उल्लंघन किया है। पुंछ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शमशेर हुसैन ने बताया कि बुधवार की सुबह पुंछ जिले के सुजैन सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर सीमा पार से गोलीबारी हो रही थी।
किरनी व शाहपुर बेल्ट के अग्रिम इलाकों को भी पाकिस्तानी सैनिकों ने निशाना बनाया। उन्होंने कहा कि सीमा पार से होने वाली इस गोलीबारी में कोई घायल नहीं हुआ है। रक्षा प्रवक्ता ने कहा कि सैनिकों ने पाकिस्तान की गोलीबारी का जवाब दिया। उन्होंने यह भी कहा कि इस दौरान किसी की जान नहीं गई।
जम्मू क्षेत्र के मंडल आयुक्त शांत मनु ने बुधवार को कहा कि पिछले कुछ दिनों में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान की ओर से कोई गोलीबारी नहीं की गई। वहां शांति है। हालांकि उन्होंने यह कहा कि नियंत्रण रेखा पर पुंछ की सुजैन बेल्ट में पाकिस्तान की ओर से गोलीबारी चल रही है।
एक अक्तूबर से ही जम्मू क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान के सैनिक भारी गोलीबारी और मोर्टार से हमले कर रहे हैं। इस गोलीबारी में आठ लोग मारे जा चुके हैं और 94 से ज्यादा लोग घायल हो चुके हैं। घायल लोगों में 13 सुरक्षाकर्मी भी शामिल हैं। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बसे 113 गांवों के 30 हजार से ज्यादा लोग अपने मकान छोड़ कर चले गए हैं।
उधर, कठुआ जिला प्रशासन ने अंतरराष्ट्रीय सीमा के पार से हो रही गोलीबारी को देखते हुए सीमावर्ती इलाकों से के दस हजार से अधिक निवासियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के लिए ‘मिशन हिफाजत’ शुरू किया है। एक सरकारी प्रवक्ता ने कहा कि कठुआ जिले में सीमावर्ती इलाकों के दस हजार से अधिक निवासियों को वहां से निकालने और उन्हें राहत शिविरों में पहुंचाने के लिए छह अक्तूबर को मिशन हिफाजत शुरू किया गया था।
उन्होंने बताया कि इन लोगों को राहत शिविरों में सभी सुविधाएं दी गई हैं और विशेष सेवाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। मवेशियों के लिए रोजाना चिकित्सा शिविर लगाए जा रहे हैं। पाकिस्तानी सैनिकों की ओर से संघर्षविराम का उल्लंघन और सीमा पार से गोलीबारी को देखते हुए करीब 57 गांवों के दस हजार से अधिक निवासी शिविरों में ठहरे हुए हैं। जम्मू क्षेत्र के जम्मू, सांबा, कठुआ और पुंछ जिलों में एक अक्तूबर से पाकिस्तान की ओर से अंतरराष्ट्रीय सीमा पर गोलीबारी व गोलाबारी किए जाने से आठ लोगों की जान जा चुकी हैं और 94 लोग घायल हुए हैं।
रक्षा प्रवक्ता ने कहा कि पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी गोलीबारी और मोर्टार हमले बुधवार को दस बज कर 45 मिनट पर रुके। उन्होंने कहा कि इस गोलाबारी में पाकिस्तानी सैनिकों ने 82 मिमी के मोर्टार बम दागे। उन्होंने कहा कि सैन्य पक्ष से किसी की जान नहीं गई है।