उत्तर प्रदेश के कई जिलों की पुलिस नशे के कारोबारियों के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी क्रम में बुधवार को अंबेडकर नगर जिले की पुलिस नशे के खिलाफ अभियान चला रही थी। इस दौरान पुलिस ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रदेश सचिव अशोक यादव को गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।

गांजा तस्करी के आरोप में एसबीएसएपी नेता गिरफ्तार

पुलिस ने अशोक यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अशोक यादव को एसबीएसपी प्रमुख ओम प्रकाश राजभर का करीबी भी बताया जाता है। वर्तमान में अशोक यादव सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रदेश सचिव हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक अशोक यादव को 7 किलोग्राम से अधिक गांजे के साथ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसके अलावा उनके एक सहयोगी को भी गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेजा है।

7 किलोग्राम गांजे के साथ अशोक यादव गिरफ्तार

पुलिस ने बताया कि सम्मनपुर पुलिस ने एक चेकिंग के दौरान कुर्की बाजार के पास 2 लोगों को 7 किलो 150 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए दोनों में से एक आरोपी का नाम अशोक यादव है, जो कि खुद को एसबीएसपी का नेता बता रहा है। बाद में पुलिस ने छानबीन की तो पता चला अशोक यादव एसबीएसपी का प्रदेश महासचिव है।

राजभर NDA का हिस्सा

पुलिस ने दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेजा है। बता दें कि ओम प्रकाश राजभर की पार्टी एसबीएसपी अब एनडीए का हिस्सा हो चुकी है। 18 जुलाई को दिल्ली में हुई एनडीए की बैठक में ओम प्रकाश राजभर अपनी पार्टी की ओर से शामिल हुए थे। उसके पहले ही ओम प्रकाश राजभर ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात कर एनडीए में शामिल होने का फैसला किया था।

जब से ओमप्रकाश राजभर NDA के साथ गए हैं, उसके बाद से ही वह उत्तर प्रदेश में विपक्षी दलों के निशाने पर हैं। दरअसल जब ओमप्रकाश राजभर समाजवादी पार्टी के साथ थे, तो उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर कई बार निशाना साधा था। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने विधानसभा में भी ओपी राजभर पर तंज कसा था।