लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के लिए 13 मई को मतदान होगा। इस बीच राजनीतिक दलों का चुनाव प्रचार भी तेज हो गया है। इसी क्रम में आज का दिन सियासी रूप से काफी अहम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पटना में एक रोड शो करेंगे तो वहीं लखनऊ में इंडिया गठबंधन की एक विशाल रैली होनी है। इस रैली में अखिलेश यादव और राहुल गांधी एक बार फिर से मंच पर साथ दिखाई देंगे।
Also Read
- पटना में पीएम मोदी का रोड शो: पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को रोड शो करेंगे। इस रोड शो में राज्य के मुख्यमंत्री और जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार भी शामिल होंगे। दोनों नेता एक ही गाड़ी पर सवार होंगे। बीजेपी के अनुसार पीएम मोदी का यह रोड शो काफी ऐतिहासिक होगा। रोड शो को लेकर एनडीए गठबंधन के सभी दलों ने तैयारी पूरी कर ली है। पीएम मोदी का पटना में रोड शो रविवार शाम डाक बंगले चौराहे से शुरू होगा और उद्योग भवन पर जाकर खत्म होगा।
- विधायकों के साथ केजरीवाल की अहम बैठक: रविवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तिहाड़ जेल से निकलने के बाद पहली बार दिल्ली के विधायकों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में लोकसभा चुनाव को लेकर बनी रणनीति पर चर्चा होगी। केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों के लिए चुनाव प्रचार भी करना शुरू कर दिया है। 2 जून को उन्हें सरेंडर करना है।
- इंडिया गठबंधन की लखनऊ में बड़ी जनसभा: रविवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में इंडिया गठबंधन की एक बड़ी जनसभा होनी है। इस रैली में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह भी शामिल होंगे। इंडिया गठबंधन के नेताओं की ओर से इस रैली की तैयारी पूरी कर ली गई है।
- राजा भैया के गढ़ में अमित शाह की रैली: रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह उत्तर प्रदेश के कौशांबी में भाजपा प्रत्याशी विनोद सोनकर के पक्ष में जनसभा करेंगे। यह उत्तर प्रदेश के मशहूर विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया का गढ़ भी है। यानी अमित शाह राजा भैया के गढ़ में सियासी तीर चलाएंगे। अमित शाह कौशांबी के बाबागंज विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित करेंगे। इस बार राजा भैया की पार्टी लोकसभा चुनाव नहीं लड़ रही है।