प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की अगुआई वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के शुक्रवार को नौ वर्ष पूरे हो गए। ‘पाई पाई से हो राष्ट्र में गरीब की भलाई’ की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच के साथ भाजपा केंद्र में अपनी सरकार के नौ साल पूरे होने के उपलक्ष्य में 30 मई से एक महीने का जनसंपर्क अभियान शुरू कर रही है।

इस अभियान के तहत पार्टी 30 जून तक देश भर में कई कार्यक्रमों और रैलियों का आयोजन करेगी। एक महीने तक चलने वाले कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री, भाजपा के पदाधिकारी और पार्टी के नेता केंद्र सरकार की नीतियों तथा उपलब्धियों का प्रचार-प्रसार करेंगे। इनमें केंद्र सरकार की कई उपलब्धियां शामिल रहेंगी।

स्वदेशी टीके से कोरोना को मात

कोरोना महामारी ने देश ही नहीं दुनियाभर में भारी तबाही मचाई। कोरोना में परिस्थितियां ऐसी बनीं कि अमेरिका जैसे शक्तिशाली देशों की हालत खराब हो गई। ऐसे में भारत ने जिस तरह से खुद को इस महामारी से बचाया उसकी दुनिया में तारीफ हुई।

80 करोड़ लोगों को मुफ्त खाद्यान्न :

कोरोना की कठिन परिस्थितियों को देखते हुए केंद्र सरकार ने ‘प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना’ के तहत देश के 80 करोड़ लोगों को लगातार कई महीने मुफ्त खाद्यान्न उपलब्ध कराया।

साढ़े तीन करोड़ को दिया घर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने नौ सालों में साढ़े तीन करोड़ लोगों को पक्का घर दिया और उनके घर के सपने को साकार किया। इनमें से ढाई करोड़ घर ग्रामीण क्षेत्र में बने जिनमें से 70 फीसद मकान का स्वामित्व महिलाओं को संयुक्त या एकल रूप से दिया गया। देश में ‘जल जीवन मिशन’ के तहत 12 करोड़ घरों तक नल से जल पहुंचाने की व्यवस्था की। ‘उज्ज्वला योजना’ के तहत नौ करोड़ से ज्यादा एलपीजी कनेक्शन दिए गए।

भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था

नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने 2022 में ब्रिटेन को पछाड़ कर दुनिया की सबसे बड़ी पांच अर्थव्यवस्थाओं सूची में अपना नाम दर्ज कराया। प्रधानमंत्री का लक्ष्य अब इससे आगे जाने का है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आइएमएफ) की रिपोर्ट के अनुसार दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था की सूची में 2025 तक भारत चौथे स्थान पर और 2027 तक तीसरे पायदान पर पहुंच जाएगा।

जम्मू कश्मीर में विशेष राज्य का दर्जा खत्म

राजग सरकार ने जम्मू कश्मीर से विशेष राज्य का दर्जा खत्म किया। पांच अगस्त 2019 को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 370 को हटाकर विशेष राज्य का दर्जा खत्म करने का एलान किया। इसके बाद से वहां की स्थितियों में तेजी से बदलाव आ रहा है।

विदेश में फंसे भारतीयों को सुरक्षित भारत लाए

रूस-यूक्रेन युद्ध हो या अफगानिस्तान में तालिबानी संकट भारत सरकार भारतीयों को सुरक्षित रखने के लिए बचाव अभियान चलाती रही है। आपरेशन गंगा, आपरेशन कावेरी, वंदे भारत मिशन, आपरेशन समुद्र सेतु, आपरेशन राहत, आपरेशन मैत्री, आपरेशन देवी शक्ति आदि अभियान केंद्र सरकार ने आपदा में फंसे भारतीयों को बचाने या फिर युद्ध ग्रस्त विदेशी धरती पर फंसे भारतीयों को वतन वापस लाने के लिए चलाया।

किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना

देश के किसानों की मदद करने के लिए केंद्र सरकार ने किसानों के खातों में सीधे धन उपलब्ध कराने की योजना बनाई। ‘प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना’ के तहत हर साल 6,000 रुपए उन्हें दिए जाते हैं।

‘डिजिटल इंडिया’

‘डिजिटल इंडिया’ केंद्र सरकार की बड़ी उपलब्धियों में से एक है। पहले जहां बैंक से पैसे निकालने या फिर जमा करने के लिए लंबी कतार लगाने पड़ती थीं, वहीं आज लोग अपने घर में बैठे-बैठे लाखों एक खाते से दूसरे खाते में भेज देते है। 2015 में राजग सरकार ने इसकी शुरुआत की। ‘डिजिटल इंडिया’ के चलते कोरोनाकाल में बच्चों की पढ़ाई बाधित नहीं हुई।

आत्मनिर्भर भारत

नरेंद्र मोदी सरकार ने अपने कार्यकाल में ‘मेक इन इंडिया’ पर ध्यान दिया। कोरोनारोधी टीका हो, वंदे भारत रेलगाड़ी हो या फिर भारतीय सेना का लड़ाकू विमान, भारत आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है।