तेलंगाना के शख्स के साथ ऐसा चमत्कार हुआ कि वह कोमा से ठीक होकर अमरनाथ की यात्री पर निकल गया। 53 साल के शख्स का नाम रागीबगड़ा श्रीनिवास रेड्डी है। वे कपास की खेती करते हैं। एक हादसे के बाद वे कोमा में थे। लोगों ने उन्हें मरा हुआ समझ लिया था। उनके ठीक होने की उम्मीद लगभग ना के बराबर थी। एक दिन ऐसा चमत्कार हुआ कि वे ना सिर्फ पूरी तरह ठीक हो गए बल्कि अमरनाथ की यात्री पर भी चले गए।
टाइम्स ऑफ इंडिया में प्रकाशित खबर के अनुसार, दो साल पहले निर्माणाधीन इमारत का स्लैब उनके ऊपर गिर गया था। वे मलबे के अंदर दब गए थे। इसके बाद उन्हें होश नहीं आया था। इस हादसे में उनके शरीर पर काफी चोटें आईं। लोगों ने समझा कि उनकी मौत हो गई। हालांकि जब उन्हें अस्पताल ले जाया गया तो पता चला कि वे कोमा में हैं। वे करीब दो महीने तक कोमा में ही रहे। परिजन को लगा कि अब वे कभी ठीक नहीं होंगे। किसी को लगा नहीं था कि अब वे कभी ठीक होंगे अमरनाथ की कठिन यात्रा पर जाना तो उनके लिए दूर की बात थी।
श्रीनिवास के साथ हुआ चमत्कार!
एक दिन ऐसा चमत्कार हुआ कि उनके परिजन भी हैरान रह गए। हालांकि वे श्रीनिवास के ठीक होने पर काफी खुश थे। दरअसल, श्रीनिवास को अचानक एक दिन होश आ गया। इसके बाद वे ठीक हो गए। इतना ही नहीं हाल ही में वे अमरनाथ की यात्रा करके लौटे हैं। यहां जाना उनके लिए सपने से कम नहीं था।
17 मई, 2021 को हुआ था हादसा
17 मई, 2021 के दिन श्रीनिवास मजदूरों के साथ दौलताबाद स्थित अपने घर का नवीनीकरण कर रहे थे। घटना को याद कर वे कहते हैं, “अचानक कई टन कंक्रीट मेरे ऊपर गिर गया और मैं बेहोश हो गया। जब तक मुझे अस्पताल ले जाया गया तब तक मेरा बहुत खून बहता रहा। रीढ़ की हड्डी में चोट लगी थी और मैं कोमा में था। अस्पताल में मेरी सर्जरी हुई औऱ मैं कोमा की हालत में घर आ गया। मेरे लिए चलना तो दूर जीना भी मुश्किल हो गया था। दो महीने तक कोमा में रहने के बाद एक दिन अचानक मुझे होश आ गया। मेरे शरीर में कई ट्यूबें लगी हुई थीं। इसके बाद मैंने ठीक होने की ठानी।”
मेहनत लाई रंग
विशेषज्ञों का कहना है कि श्रीनिवास को ना सिर्फ गहरी चोटें आईं थीं बल्कि उनकी मांसपेशियां भी गायब हो गईं थी। वे काफी मुश्किल से चल पा रहे थे। इसके बाद उन्होंने फिजियोथेरेपिस्ट से थेरेपी लेनी शुरू की। वे ठीक होने की कोशिश कर रहे थे। उनके पास काफी सहनशक्ति है। उन्हें इंफेक्शन का भी खतरा था। कई महीनों तक वे हर रोज लगभग आठ घंटे तक थेरेपी लेते। इससे उनके अंदर जल्द ही सकारात्मक बदलाव दिखाई दिया। श्रीनिवास ने ठीक होने का ठान लिया था। उनकी मेहनत रंग लाई और वे पूरी तरह ठीक हो गए।
धार्मिक स्थलों पर जाना चाहतें है श्रीनिवास
रिपोर्ट के अनुसार, श्रीनिवास को धार्मिक स्थलों की यात्रा करना पसंद है। हादसा होने से पहले उन्होंने वाराणसी और श्रीशैलम सहित पांच ज्योतिर्लिंग की तीर्थयात्रा पूरी की थी। जब वे ठीक हो गए तो सबसे पहले अमरनाथ की यात्रा की। श्रीनिवास कहते हैं “जब मैं पहली बार एक छोटा कदम उठाने के लिए खड़ा हुआ खुद को असहाय पाया। इसके बाद मैंने सख्त फिजियोथेरेपी शुरू की। यह दैवीय कृपा है कि मैंने दो महीने पहले अमरनाथ की यात्रा पूरी की। अब मैं सभी तीर्थयात्राएं पूरी करने की योजना बना रहा हूं।” रिपोर्ट के अनुसार, रेड्डी अब हर रोज 8 किमी पैदल चलते हैं।