कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज असम के चायगांव में कांग्रेस की एक बैठक को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मीडिया अब हमारा दोस्त नहीं रहा, वे सच नहीं दिखा रहे केवल अडानी, अंबानी, मुख्यमंत्री, मोदी और शाह को दिखा रहे हैं।’’
चायगांव में एक जनसभा को संबोधित करते हुए लोकसभा नेता ने कहा, “मैंने मीडिया वालों को अपना दोस्त कहा था। मैंने कहा था ‘मीडिया के हमारे मित्र’ लेकिन वो हमारे दोस्त नहीं हैं क्योंकि आजकल उन्हें सच दिखाने की आदत नहीं रही। अंबानी, अडानी या आपके मुख्यमंत्री जो भी कहते हैं, वो 24 घंटे दिखाते हैं। वो पीएम मोदी, अमित शाह का चेहरा दिखाते हैं लेकिन इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।”
राहुल गांधी ने आगे कहा, “असम के लोग सच्चाई जानते हैं, जल्द ही चुनाव होंगे और कांग्रेस उन चुनावों में जीत हासिल करेगी। हमने यहां एक नई टीम बनाई है, हमने काम शुरू कर दिया है और असम के लोग जल्द ही परिणाम देखेंगे।” कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘देश में विचारधाराओं की लड़ाई चल रही है; आरएसएस की नफरत और हिंसा बनाम कांग्रेस का सत्य और अहिंसा।’’ राहुल गांधी ने दावा किया कि अब दो हिंदुस्तान हैं – एक उन चंद अरबपतियों का जो भव्य शादियां करते हैं, दूसरा उन आम लोगों का जो कर के बोझ तले दबे हुए हैं।
पढ़ें- असम के CM सरमा का बड़ा बयान
असम के मुख्यमंत्री पर राहुल गांधी का अटैक
इसके साथ ही राहुल गांधी ने दावा किया कि असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा खुद को ‘राजा’ समझते हैं लेकिन राज्य की जनता भ्रष्टाचार के लिए उन्हें जेल में पहुंचा देगी। राहुल ने कहा कि सरमा और उनके परिवार को भ्रष्टाचार के लिए जवाबदेह ठहराया जाएगा। लोकसभा में विपक्ष के नेता ने कहा, ‘‘आपके मुख्यमंत्री में भय व्याप्त है, वह जानते हैं कि निडर कांग्रेस कार्यकर्ता उन्हें जेल में डाल देंगे।’’
राहुल ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग और भाजपा एक साथ मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने मतदाता सूची संशोधन के जरिए धांधली करके महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव जीता है। गांधी ने कहा, ‘‘वे बिहार में भी यही हथकंडे अपना रहे हैं और असम में भी यही करेंगे। हमें सावधान रहना होगा।” पढ़ें- राहुल गांधी ने असम CM पर साधा निशाना
(भाषा के इनपुट के साथ)