Bharat Jodo Yatra: महाराष्ट्र में कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) के दौरान राष्ट्रगान (National Anthem) में हुई गड़बड़ी को लेकर उनको शर्मिदगी का सामना करना पड़ रहा है। तमाम बीजेपी नेता और सोशल मीडिया यूजर्स राहुल गांधी से सवाल पूछ रहे हैं।

वायरल हो रहे वीडियो राहुल गांधी महाराष्ट्र के वाशिम में मंच से जन, गण, मन…राष्ट्रगान बजाने के लिए कहते हैं। हालांकि वो इसे कई बार राष्ट्रगान की बजाए राष्ट्रगीत बोलते हैं। ऐसे में शायद भ्रम हो जाता है और राष्ट्रगान की जगह नेपाली राष्ट्रगान बजने लगता है। यह कुछ देर तक बजता रहता है और कांग्रेस नेता राहुल गांधी सावधान की मुद्रा में खड़े रहे। कुछ देर बाद राहुल गांधी को समझ में आया कि यह जन, गण, मन नहीं है। उन्होंने तुरंत नेताओं से राष्ट्रगीत बजना के लिए कहा।

राहुल गांधी के कहने के बावजूद भी कुछ नेता उनकी बातों को नहीं समझ पा रहे थे। वीडियो में देखा जा सकता है कि कई बार कहे जाने के बाद राष्ट्रगान बजाया गया, जो राष्ट्रगान बजाया गया वह भी तय शब्दों से अधिक बजा। उसके बाद राष्ट्रगान समाप्त हो जाता है, लेकिन यहां इसके बाद भी कई सेकंड तक गाना बजता रहा। इसे वीडियो के 24-27 मिनट के बीच सुना जा सकता है।

जानकारी के लिए बता दें कि जन-गण-मन राष्ट्रगान है। जिसको रविंद्रनाथ टैगोर ने लिखा है। जबकि, वंदे मातरम राष्ट्रीय गीत है। जिसको बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय ने लिखा है। वहीं राहुल गांधी ‘जन-गण-मन’ को मंच से ‘राष्ट्रगीत’ के रूप में संबोधित करते रहे।

बीजेपी नेताओं ने इसके लिए राहुल गांधी और कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया। महाराष्ट्र के बीजेपी नेता नितेश राणे ने इस घटना का एक वीडियो भी साझा किया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि राहुल का कॉमेडी सर्कस। तमिलनाडु में एक बीजेपी नेता अमर प्रसाद रेड्डी ने वीडियो को शेयर करते हुए पूछा कि राहुल गांधी यह क्या है?

भाजपा नेताओं के अलावा सोशल मीडिया यूजर्स ने भी राहुल गांधी का मजाक उड़ाया। एक यूजर ने लिखा कि क्या यह नेपाल का राष्ट्रगान है? एक अन्य यूजर ने लिखा कि राहुल को पांच सेकंड से ज्यादा समय यह समझने में लगा कि यह गलत गाना बजा है।

बता दें, राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 7 सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी में शुरू हुई थी, जो 20 नवंबर को 12 राज्यों की यात्रा के हिस्से के रूप में मध्य प्रदेश में प्रवेश करेगी और जम्मू-कश्मीर में समाप्त होगी। वहीं कांग्रेस नेता गुजरात में चुनाव प्रचार के लिए यात्रा रोकेंगे, जहां अगले महीने नई सरकार के लिए मतदान होगा।