महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में बड़ा हादसा हो गया है। यहां खालापुर तहसील का इरशालवाड़ी गांव भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की चेपट में आ गया। आधी रात को हुए भूस्खलन में करीब 6 लोगों की मौत हो गई। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को इस हादसे की जानकारी दी।अधिकारी ने बताया कि गांव में कम से कम 100 लोगों के फंसे होने की आशंका है। लोगों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। एनडीआरएफ की टीम फंसे हुए लोगों सुरक्षित स्थान पर पहुंचा रही है। अधिकारी के अनुसार, भूस्खलन बुधवार देर रात करीब 11 बजे खालापुर तहसील के इरशालवाड़ी गांव में हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार गांव का 90% हिस्सा मलबे में समा गया है।
केंद्रिय मंत्री अमित शाह ने किया ट्विट
इरशालवाड़ी गांव में हुए लैंडस्लाइड को लेकर केंद्रिय मंत्री अमित शाह ने ट्विट किया है। अमित शाह ने कहा है कि महाराष्ट्र के रायगढ़ में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन को लेकर मैंने सीएम एकनाथ शिंदे से बात की। एनडीआरएफ की 4 टीमें मौके पर पहुंच गई हैं और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर बचाव अभियान चला रही हैं। हमारी प्राथमिकता वहां के लोगों को बचाने और घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता प्रदान करने की है।

इरशालवाड़ी गांव पहुंचे मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे
अधिकारी के अनुसार, भूस्खलन में घायल हुए 20 से अधिक लोगों को नवी मुंबई के एक अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे इरशालवाड़ी गांव पहुंच गए हैं। वे हालात का जायजा ले रहे हैं। वहीं रायगढ़ पुलिस का कहना है कि हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो गई है। वहीं तीन अन्य लोग घायल हो गए हैं। लोगों को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान जारी है।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा- केंद्र सरकार करेगी मदद
खालापुर तहसील के इरशालवाड़ी गांव में हुए भूस्खलन पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा है कि यहां पर 45-47 घर हैं। जिसमें से 15-17 घर मलबे के नीचे आ गए हैं और अब तक 4 लोगों की मौत हुई है। बचाव अभियान जारी है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस परिस्थिति के बारे में फोन पर जानकारी ली है। जो भी सहायता की जरूरत है वो केंद्र की तरफ से आवश्य मिलेगा। सभी लोग बचाव कार्य में जुटे हैं।