Lok Sabha Elections: लोकसभा चुनाव के बीच झारखंड की राजधानी रांची में आज विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन की ‘उलगुलान न्याय रैली’ का आयोजन हो रहा है। इस रैली में 14 राजनीतिक दल हिस्सा लेंगे। रैली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, नेशनल कॉन्फ्रेंस अध्यक्ष फारूक अबदुल्ला, समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव शामिल होंगे। रैली का नेतृत्व झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) कर रहा है।

इंडिया गठबंधन की यह रैली रांची के प्रभात तारा ग्राउंड में होगी। इस रैली में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, जो इस वक्त तिहाड़ जेल में बंद हैं। उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल भी शामिल होंगी। इसके अलावा झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और जेएमएम नेता हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन भी मौजूद रहेंगी। वो इस रैली का नेतृत्व कर रही हैं।

माना जा रहा है कि विपक्ष की इस रैली में ईडी द्वारा केजरीवाल और सोरेन की गिरफ्तारी का मुद्दा जोरशोर से उठाया जाएगा। विपक्ष ने पहले ही ईडी पर सरकार के लिए काम करने का आरोप लगाया है।

विपक्ष की ‘उलगुलान न्याय रैली’ का आयोजन ऐसे वक्त में हो रहा है, जब लोकसभा चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान हो चुका है। विपक्ष कहीं न कहीं इस रैली के जरिए झारखंड की 14 सीटों पर जनता को साधने की कोशिश करेगी।

रांची में होने वाली इस रैली से पहले ही इंडिया गठबंधन 31 मार्च को राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में भी इसी तरह की सभा को संबोधित कर चुका है। इन रैलियों के जरिए विपक्ष ये दिखाने की भी कोशिश कर रहा है कि वह मोदी सरकार के खिलाफ एकजुट है।

रैली को लेकर चंपई सोरेन ने जानिए क्या कहा?

झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने कहा है कि इस रैली के जरिए सरकार के द्वारा आदिवासियों पर हो रहे अत्याचारों का पर्दाफाश किया जाएगा। जनता को बताया जाएगा कि किस तरह से आदिवासियों को उनकी जंगल और जमीन से दूर करने की साजिश हो रही है।

चंपई ने कहा कि विपक्षी दलों पर केंद्रीय जांच एजेंसियों की होने वाली कार्रवाई के मुद्दे को भी उठाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में जनता सरकार को जवाब देने वाली है।

रांची में होने वाली आज की रैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन, पूर्व सीएम हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह, सपा चीफ अखिलेश यादव, आरजेडी चीफ लालू यादव रैली में शामिल हो सकते हैं। वहीं टीएमसी से डेरेक ओब्रायन, शिवसेना (यूबीटी) से प्रियंका चतुर्वेदी, भाकपा (माले) से दीपांकर भट्टाचार्य समेत विपक्ष के कई प्रमुख नेता रैली में दिखाई देंगे।

मोदी से डरकर एक मंच पर आए हैं परिवारवादी लोग- झारखंड बीजेपी

झारखंड भारतीय जनता पार्टी ने इंडिया ब्लॉक की मेगा रैली को महान पारिवारिक मिलन समारोह करार दिया। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा कि यह सिर्फ पार्टियों का एक समूह है जो अपने परिवारों को बढ़ावा देना चाहते हैं। देश में भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अभियान से डरकर वे एक मंच पर आए हैं।