Lok Sabha Election 2024: बिहार में जारी राजनीतिक उथल-पुथल के बीच सोमवार को जीतन राम माझी की पार्टी हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा ने नीतीश सरकार से अपना समर्थन वापस ले लिया है। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के अध्यक्ष संतोष सुमन ने कहा कि हम नीतीश कुमार सरकार से समर्थन वापसी का अपना पत्र आज शाम राज्यपाल को सौंपेंगे। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की आज बैठक हुई थी। जिसमें यह फैसला लिया गया। इससे पहले संतोष सुमन ने कहा था कि पार्टी के नेताओं का स्पष्ट मानना है कि नीतीश कुमार के साथ रहने का कोई मतलब नहीं बचा है। उन्होंने कहा कि हमारे पास बहुत सारे विकल्प हैं।

NDA का दामन थाम सकते हैं मांझी

जेडीयू और महागठबंधन का साथ छोड़ने के बाद जीतन राम मांझी अब भाजपा का दामन थाम सकते हैं। इस बात पर अब मुहर लगती नजर आ रही है। इसके लिए जीतन मांझी ने लगभग पूरी जमीन तैयार कर ली है। अनुमान लगाया जा रहा है कि वो गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर सकते हैं। इसके लिए वो आज दिल्ली भी जा सकते हैं। हालांकि, हिंदुस्‍तानी आवाम मोर्चा पहले से ही भाजपा के साथ गठबंधन का मन बना चुकी थी। जिसके लिए मांझी ने महागठबंधन से पांच सीटों की डिमांड की थी।

राजनीति में कोई कसम नहीं होती: मांझी

जीतन राम मांझी ने नीतीश कुमार के साथ जीने मरने की कसम खाई थी। 16 मई की पार्टी बैठक में जीतन राम मांझी ने कहा था कि हमने नीतीश कुमार के साथ रहने की कसम खाई है, लेकिन राजनीति में कोई कसम नहीं होती। नीतीश कुमार ने हमारे साथ कुछ कमी की है, लेकिन इससे पहले से ही जीतन मांझी बीजेपी में शामिल होने का मन बना चुके थे। यह बात तब ही उजागर हो गई थी, जब उन्‍होंने दशरथ मांझी के बेटे और अन्‍य बिहार के लोगों को भारत रत्‍न दिलाने की आड़ में गृहमंत्री से मुलाकात की थी। जीतन मांझी की ये गृहमंत्री अमित शाह से दूसरी मुलाकात होनी है।

जेडीयू ने लगाया आरोप

इसी बीच जेडीयू ने आरोप लगाया है कि जीतन राम मांझी लंबे वक्त से महागठबंधन और नीतीश कुमार को धोखा दे रहे थे। मांझी ने अमित शाह से इससे पहले भी मुलाकात की थी।

जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि जब हमारे नेता दिल्ली में विपक्षी एकता को मजबूत करने की कोशिश कर रहे थे, तब जीतन राम मांझी बीजेपी के साथ गले मिल रहे थे। तभी से यह माना जा रहा था जीतन राम मांझी कभी भी महागठबंधन का साथ छोड़ सकते हैं, इसीलिए उन्हें मर्जर या उन्हें पार्टी से अलग होने का विकल्‍प दिया गया था।