Lok Sabha Chunav 2024: बिहार के सारण में 20 मई को नगर थाना क्षेत्र के बूथ नंबर 318, 319 पर बवाल हुआ था। चुनाव के बाद हुई हिंसा के मामले में तीन एफआईआर दर्ज की गई हैं। इसमें आरजेडी के मुखिया लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य का नाम भी शामिल है।

सारण के एसपी गौरव मंगला ने बताया कि सारण में आरजेडी की लोकसभा उम्मीदवार रोहिणी आचार्य पर जनप्रतिनिधित्व अधिनियम की अलग-अलग धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। केस में आरोप लगाया गया है कि वह और दूसरे 50 लोग वोटरों की प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे। इतना ही नहीं, वह दो जाति समूहों के बीच में हिंसा भी भड़काना चाहते थे।

सोमवार को वोटिंग के दौरान रोहिणी आचार्य टाउस पुलिस स्टेशन के अंदर आने वाले एक पोलिंग बूथ पर गईं थी। इसके बाद आरजेडी के समर्थकों ने भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं पर गड़बड़ी करने और रोहिणी के साथ बुरा बर्ताव करने का आरोप लगाया। देखते ही देखते दोनो तरफ के कार्यकर्ताओं के बीच में झड़प हो गई। अगले दिन कुछ आरजेडी के समर्थकों ने कथित तौर पर एक भाजपा समर्थक के घर का घेराव कर लिया। इस दौरान गोलीबारी भी हुई। इसमें चंदन राय की जान चली गई और तीन लोग घायल हो गए।

रोहिणी आचार्य के खिलाफ एफआईआर

पुलिस ने बताया कि रोहिणी आचार्य आचार्य के खिलाफ एफआईआर मनोज कुमार नाम के एक शख्स की शिकायत के आधार पर की गई है। एसपी मंगला ने बताया कि तनाव कम करने के लिए हिंसा वाली जगह के पास ज्यादा सुरक्षाबल तैनात कर दिया गया है। इस इलाके में 500 से ज्यादा राजपूत घर हैं और 5,000 से ज़्यादा यादव घर हैं। हालांकि, इस इलाके में जातिगत हिंसा का कोई इतिहास नहीं है। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार भी किया है। उनकी पहचान रमाकांत सोलंकी और रविकांत सोलंकी के रूप में हुई है।

सारण से मौजूदा सांसद और भाजपा उम्मीदवार राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि गोलियां अपनी खुद को बचाने के लिए चलाई गईं। वहीं, मरने वाले शख्स के घर पहुंचे तेजस्वी यादव ने कहा कि हिंसा भाजपा के कार्यकर्ताओं के द्वारा भड़काई गई थी। मृतक चंदन राय के पिता और किसान नागेंद्र राय ने बताया कि उनका बेटा कम्पीटिशन के पेपर की तैयारी कर रहा था। उन्होंने बताया कि चंदन को काफी पास से गोली मारी गई थी।

घायलों का अस्पताल में इलाज जारी

घायलों में से एक गुड्डू राय का अभी भी पटना मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में इलाज चल रहा है। गुड्डू ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि मुझे कमर के पास गोली लगी थी। गोली अभी भी है। डॉक्टर गोली निकालने के लिए सर्जरी करने की सोच रहे हैं। अस्पताल के एक सूत्र ने कहा कि जब तक गोली नहीं निकाली जाती, गुड्डू को खतरे से बाहर नहीं माना जा सकता। घायलों में से एक मनोज राय ने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थकों ने मंगलवार को उन पर गोलियां चलाईं।

मनोज ने कहा कि हम पूरी तरह से खाली हाथ थे। लेकिन दोनों पक्षों की तरफ से तीखी नोकझोंक के बाद भाजपा समर्थकों ने हम पर गोलियां चला दीं। सारण चुनाव में आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य और मौजूदा सांसद राजीव प्रताप रूडी के बीच दिलचस्प लड़ाई है। इस लोकसभा सीट पर राजपूत और यादवों की आबादी लगभग बराबर है। आरजेडी ने आखिरी बार 2009 में यह सीट जीती थी।