Lok Sabha Chunav 2024: लोकसभा चुनाव में राजनीतिक दलों का प्रचार अभियान जोरों-शोरों से चल रहा है। इसी बीच, गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली में प्रियंका गांधी चुनाव प्रचार अभियान को धार देने के लिए पहुंची हैं। यहां पर एक जनसभा में प्रियंका गांधी ने कहा कि 5 किलो राशन से भविष्य नहीं बनेगा। इससे आप आत्मनिर्भर नहीं बन सकते हैं।

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा कि अगर मैं आपसे पूछूं कि आप रोजगार और पांच किलो राशन के बीच क्या चुनेंगे? तो आप साफ तौर पर रोजगार को ही तवज्जो देंगे। यही है जो आपको आत्मनिर्भर बना सकता है। आपको यह समझने की जरूरत है कि जो राजनीतिक दल इस तरह की नीति बनाएगा जिससे आप निर्भर रहेंगे लेकिन आप आत्मनिर्भर नहीं हो सकते। आप अपने पैरों पर नहीं खड़े हो सकते तो उसकी नीति ठीक नहीं है। इस बात को आपको गहराई से समझना पड़ेगा।

बीजेपी की मशीनरी राहुल गांधी के खिलाफ झूठ फैलाने में लगी

प्रियंका ने आरोप लगाया कि भाजपा की पूरी मशीनरी राहुल गांधी के खिलाफ झूठ फैलाने में लगी हुई है। बीजेपी को टारगेट करते हुए यह भी कहा कि पार्टी धर्म, जाति और मंदिर-मस्जिद के बारे में बोलती है लेकिन असल मुद्दों पर बात करने से बचती है। रायबरेली में प्रियंका ने कहा कि यहां के लोग नेताओं को सही तरीके सा जानते हैं। उन्होंने कहा कि लोगों को जब इंदिरा गांधी की नीति पंसद नहीं आई तो उन्होंने इंदिरा गांधी को हरा दिया।

इंदिरा गांधी गुस्सा नहीं हुईं और उन्होंने आत्ममंथन किया। आपने उनको दोबारा से चुना। यही तो रायबरेली की खासियत है कि वह नेताओं को सही से समझते हैं। वहीं, प्रियंका ने संविधान बदलने को लेकर भी कहा कि बीजेपी संविधान को बदलना चाहती है लेकिन जब उन्हें इस बात का अहसास हुआ कि उन्हें चुनाव में नुकसान उठाना पड़ेगा तो पीएम कहने लगे कि उनकी ऐसी कोई भी योजना नहीं है।

प्रियंका गांधी ने अंबानी-अडाणी को लेकर भी बीजेपी पर निशाना साधा

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि राहुल गांधी अडाणी का नाम नहीं ले रहे हैं। सच्चाई यह है कि राहुल गांधी रोजाना अडाणी के बारे में बात करते हैं। ऐसा लगता है कि पीएम मोदी भी उनका नाम लेने के लिए मजबूर हैं। ‘पीएम मोदी के 400 सीटों की जरूरत है इसलिए कांग्रेस अयोध्या में राम मंदिर पर बाबरी ताला नहीं लगा सकती’ वाले बयान पर टिप्पणी करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि यह सरासर झूठ है। कांग्रेस ने बार-बार कहा है कि हर कोई सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सम्मान करेगा और आगे भी करते रहेंगे।