देश भर में कोरोना संकट तेजी से बढ़ रहा है। मंगलवार सुबह स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में 1,61,736नए मामले सामने आए हैं। इधर देश के कई राज्यों में आज बैठकों का दौर जारी है। राज्य सरकारों की तरफ से पाबंदियों को बढ़ाने के फैसले लिए जा रहे हैं।
महाराष्ट्र में कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य में लॉकडाउन लगाए जाने के संकेत दिए हैं। खबरों के अनुसार महाराष्ट्र में 14 दिनों के लॉकडाउन पर विचार किया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने रविवार को लॉकडाउन लागू करके एक बार फिर कोरोना वायरस संक्रमण की चेन को तोड़ने पर जोर दिया था। उन्होंने कहा था कि परामर्श करने के बाद एक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार की जाएगी।
उत्तर प्रदेश में भी हालात लगातार खराब होते जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री ने पत्र लिखकर कहा है कि लखनऊ में अगर हालत नहीं सुधरे तो लॉकडाउन लगाने पर विचार किया जा सकता है। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कल अधिकारियों के साथ बैठक कर हालात का जायजा लिया था। इधर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी आज बैठक करने वाले हैं। देश के कई राज्यों में आज कोरोना संकट से निपटने के लिए बैठक हो रही है।
महाराष्ट्र के मुंबई में शुक्रवार को सरकार की तरफ से रात 8 बजे से सुबह सात बजे तक वीकेंड लॉकडाउन लगाया गया था। इसके अलावा कई शहरों में नाइट कर्फ्यू लगाए गए हैं। मध्यप्रदेश के इंदौर, विदिशा, राजगढ़, बड़वानी और शाजपुर जिलों में लॉकडाउन की अवधि को बढ़ाकर 19 अप्रैल कर दी गयी है। जबकि बालाघाट, नरसिंहपुर,सिवनी और जबलपुर जिलों में 12 अप्रैल से 22 अप्रैल तक लॉकडाउन लगाए गए हैं। उत्तर प्रदेश के कानपुर, लखनऊ और वारणसी में 30 अप्रैल तक नाइट कर्फ्यू रहेगा।
राजस्थान के अजमेर,अलवर, चितौड़गढ़, डूंगरपुर,जयपुर, जोधपुर,कोटा और आबू रोड में 30 अप्रैल तक नाइट कर्फ्यू लगाया गया है।गुजरात के जामनगर,भावनगर , जूनागढ़,गांधीनगर,आनंद, नडियाड, मेहसाणा, मोरबी,दाहोद, पाटन,गोधरा, भुज, गांधीधाम,भरूच, सुरेंदनगर , सूरत,अहमदाबाद, राजकोट और वड़ोदरा में 30 अप्रैल तक रात नाइट कर्फ्यू लगाया गया है।
राजधानी दिल्ली में भी पाबंदियां बढ़ा दी गयी है। मेट्रों और बस में यात्रियों की संख्या 50 फीसदी तक सीमित कर दी गयी है। स्कूल कॉलेजों को बंद कर दिया गया है। अंतिम संस्कार में 20 लोगों के ही शामिल होने की अनुमति दी जा रही है। शादी ब्याह में सिर्फ 50 लोग ही शामिल होंगे।