जम्मू-कश्मीर, हिमाचल व लद्दाख में पारा शून्य से कई डिग्री नीचे लुढ़क गया है, वहीं पंजाब, हरियाणा व उत्तर प्रदेश में शनिवार को घना कोहरा छाया रहा, इससे जनजीवन खासा प्रभावित हुआ। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे के दौरान हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। वहीं दिल्ली में घने से मध्यम कोहरा छाया रहा जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब पांच डिग्री ऊपर रहा।

विभाग के मुताबिक, जम्मू कश्मीर के पहलगाम में पारा शून्य से 4.1 डिग्री नीचे चला गया जबकि लद्धाख के न्योमा में पारा जमाव बिंदु से 19 डिग्री नीचे लुढ़क गया। वहीं हिमाचल के कल्पा में शून्य से एक डिग्री नीचे चला गया। पिथौरागढ़ में यह 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं चूरू में 7.7 रहा। दिल्ली में घने व मध्यम कोहरे के बीच न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री ऊपर 11.8 व अधिकतम तापमान सामान्य 20 डिग्री रहा। उत्तर-पश्चिम और आसपास के मध्य भारत के मैदानी इलाकों के कई हिस्सों में अगले दो दिनों के दौरान बहुत घना कोहरा जारी रहने की संभावना है और फिर पूर्वी भारत तक इसके बढ़ने और उसके बाद धीरे-धीरे कम होने की उम्मीद है।

विभाग ने कहा है कि 31 दिसंबर से पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और उत्तरी राजस्थान के कुछ हिस्सों में कडाÞके की ठंड पडेÞगी और कई स्थानों पर बहुत घना कोहरा जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने बताया कि पंजाब में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हुई। पंजाब के अधिकांश स्थानों, हरियाणा के कुछ हिस्सों, पूर्वोत्तर राजस्थान और दिल्ली के कुछ हिस्सों में बहुत घना

कोहरा छाया रहा। पंजाब और हरियाणा में न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब ही रहा। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कोहरे के कारण सुबह के समय अधिकांश इलाकों में दृश्यता कम रही। पिछले कई दिनों से दोनों राज्यों और उनकी साझा राजधानी चंडीगढ़ के ज्यादातर हिस्सों में घना कोहरा छा रहा है। हालांकि, अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य के करीब ही रहा। हरियाणा और उत्तर प्रदेश में एक-दो स्थानों पर शीत दिवस की स्थिति देखी गई।

पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 8.8, पटियाला में 8.9 और लुधियाना में 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बठिंडा और फरीदकोट में यह आठ डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। हरियाणा के हिसार में 7.7 डिग्री, अंबाला में 9.1, सिरसा में 9.2, करनाल में 9.6 और रोहतक में 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 8.9 डिग्री सेल्सियस रहा।उत्तर-पश्चिमी राजस्थान, उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश और तटीय आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा।

वहीं उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में शनिवार सुबह के दौरान घना कोहरा छाया रहा जिससे दृश्यता घटकर 50 मीटर से कम हो गई। प्रदेशभर में पुलिस प्रशासन घने कोहरे की वजह से दृश्यता घटने से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के उपाय कर रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, बिजनौर जिले का नजीबाबाद प्रदेश में सबसे ठंडा स्थान रहा जहां शनिवार को न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा, मुजफ्फरनगर और बस्ती में तापमान क्रमश 6.7 और 6.8 डिग्री दर्ज किया गया। कोहरे से करीब दो दर्जन से अधिक रेलगाडियों की आवाजाही प्रभावित हुई है। हवाई सेवाओं में भी देरी हो रही है।