लोकसभा चुनाव के लिए बना इंडिया गठबंधन बिखरता नजर आ रहा है। इंडिया गठबंधन में कांग्रेस के साथ लेफ्ट भी शामिल है लेकिन अब केरल सीएम पिनराई विजयन ने राहुल गांधी पर निशाना साधा है। केरल सीएम ने कहा कि सीपीआई की राष्ट्रीय नेता एनी राजा के खिलाफ राहुल गांधी चुनाव लड़ रहे हैं लेकिन बीजेपी से मुकाबला नहीं कर रहे हैं।
एनी राजा के खिलाफ राहुल गांधी चुनाव क्यों लड़ रहे?- पिनराई विजयन
केरल सीएम पिनराई विजयन ने कोझिकोड में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “राहुल गांधी केरल आकर एनी राजा के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। एनी राजा सीपीआई की राष्ट्रीय नेता हैं। मणिपुर मुद्दे के दौरान भाजपा सरकार के गलत कामों को जोरदार ढंग से उजागर करने के लिए उन्हें राष्ट्र-विरोधी कहा गया। उसमें राहुल गांधी की क्या भूमिका थी? क्या वह इस बारे में कुछ कह सकते हैं? जब देश ने ऐसे कई विरोध प्रदर्शन देखे तो हमें हमेशा एनी राजा वहां मौजूद दिखीं लेकिन क्या हमने कांग्रेस के सबसे अहम नेता राहुल गांधी को आपने देखा? हर कोई उनके केरल आने लेकिन केंद्र में बीजेपी से सीधे मुकाबला नहीं करने के फैसले पर सवाल उठा रहा है।”
CAA को लेकर भी राहुल ने मोदी सरकार को नहीं घेरा- केरल सीएम
केरल सीएम ने राहुल गांधी से पूछा कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान वह CAA (नागरिकता संशोधन कानून) के मुद्दे पर चुप क्यों थे? विजयन ने कहा कि राहुल यहां LDF के खिलाफ लड़ने आए हैं, जो बड़ी राजनीतिक ताकत है।
कांग्रेस पर लगाया बड़ा आरोप
पिनराई विजयन यहीं नहीं रुके, उन्होंने कांग्रेस पर बड़ा आरोप भी लगा दिया। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ ED की जांच को लेकर भी पिनराई विजयन ने कांग्रेस को घेरा। उन्होंने कहा कि ED की जांच में कांग्रेस ने अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि जब गैर कांग्रेसी विपक्षी नेताओं को केंद्रीय जांच एजेंसियां निशाना बनाती हैं, तब कांग्रेस कुछ नहीं कहती है।
पिनराई विजयन ने कहा कि जब उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया गया था, तब कांग्रेस ने ही शिकायत की थी कि क्यों केजरीवाल को हिरासत में नहीं लिया गया?