Arvind Kejriwal Attacked: ‘एक हाथ में स्प्रिट और दूसरे हाथ में माचिस थी। अरविंद केजरीवाल और मेरे ऊपर स्पिरिट गिरी। वो स्पिरिट तो फेंक पाए लेकिन आग नहीं लगा पाए। आज दिल्ली के बीचोबीच अरविंद केजरीवाल को जिंदा जलाने की कोशिश की गई। ये बहुत ही गंभीर बात है।’ यह आरोप किसी और ने नहीं बल्कि, दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज ने लगाए हैं। उन्होंने यह आरोप केजरीवाल पर पदयात्रा के दौरान हुए ‘हमले’को लेकर लगाए हैं।

मंत्री सौरभ भारद्वाज ने बीजेपी पर हमलावर होते हुए कहा कि आज दिल्ली के बीचोबीच अरविंद केजरीवाल को जिंदा जलाने की कोशिश की गई। ये बहुत ही गंभीर बात है। उन्होंने कहा कि बीजेपी चुनाव हारने जा रही है, इसलिए बौखला गई है।

सौरभ भारद्वाज ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि आज ग्रेटर कैलाश विधानसभा के सावित्रीनगर इलाके में अरविंद केजरीवाल जी की पदयात्रा थी और हजारों की तादाद में महिलाए बुजुर्ग, बच्चे नौजवान उनसे मिलने के लिए, आशीर्वाद देने के लिए अपने घरों से निकलकर आए थे। इसी समय एक आदमी उन पर हमला करता है। मैं केजरीवाल जी के साथ था।एक आदमी ने उनके ऊपर स्पिरिट फेंकी और उनको जिंदा जलाने की कोशिश की गई।

‘एक हाथ में स्प्रिट और दूसरे हाथ में माचिस थी’

दिल्ली के मंत्री ने आरोप लगाते हुए आगे कहा कि एक हाथ में स्पिरिट और दूसरे हाथ में माचिस थी। अरविंद केजरीवाल और मेरे ऊपर स्पिरिट गिरी। वो स्पिरिट तो फेंक पाए लेकिन आग नहीं लगा पाए। आज दिल्ली के बीचोबीच अरविंद केजरीवाल को जिंदा जलाने की कोशिश की गई। ये बहुत ही गंभीर बात है।

‘भाजपा बेईमानी पर उतर आई है’

भारद्वाज ने कहा कि जब से अरविंद केजरीवाल जी पैदल चलकर पदयात्रा कर रहे हैं, लोगों से मिल रहे हैं। भाजपा को तीसरी बार दिल्ली में हार नजर आ रही है। जब कोई हारता है तो बेईमानी करके जीतने की कोशिश करता है। बीजेपी बेईमानी पर उतर आई है।

‘अरविंद केजरीवाल पर कई बार हमले हुए’

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि ये पहली बार नहीं हुआ। विकासपुरी में उनपर जानलेवा हमला किया गया। पुलिस देखती रही, मुस्कुराती रही। भाजपा के गुंडों के सामने पुलिस वाले हाथ जोड़ते रहे। नांगलोई में रौशन हलवाई के यहां फायरिंग मामले को लेकर जब मिलने जा रहे थे तो बीजेपी के लोगों ने उनपर हमला किया। बुराड़ी में भी हमला हुआ। आज भी स्पिरिट फेंकी गई, सिर्फ माचिस लगाने की देरी हुई।

सौरभ भारद्वाज ने आरोपी की पहचान का दावा किया

भारद्वाज नेता ने आरोपी की पहचान करने का भी दावा किया। उन्होंने कहा कि हमला करने वाला ये लड़का अशोक कुमार है। इसका फेसबुक अकाउंट आधे घंटे के अंदर ढूंढ लिया है। उन्होंने उस आरोपी की तस्वीरें भी दिखाईं। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि ये बीजेपी का औपचारिक सदस्य है। ये आज दिल्ली हार रहे हैं तो बौखला गए हैं। पूरी दिल्ली देख रही है। बीजेपी के लोग भी पदयात्रा और रैलियां करते हैं, उनपर हमले नहीं होते हैं।

बीजेपी ने बताया राजनीतिक ड्रामा

दिल्ली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने ग्रेटर कैलाश में पदयात्रा अभियान के दौरान आप संयोजक अरविंद केजरीवाल पर हुए हमले को ‘राजनीतिक नाटक’ करार दिया।

Arvind Kejriwal: पदयात्रा के दौरान पूर्व CM अरविंद केजरीवाल पर ‘हमला’, AAP कार्यकर्ताओं ने की शख्स की पिटाई

सचदेवा ने कहा, “मैं पहले दिन से ही कह रहा हूं कि केजरीवाल खुद को थप्पड़ मरवाएंगे और उन पर चीजें फेंकी जाएंगी। जानकारी के अनुसार, यह सिर्फ पानी था और वह व्यक्ति उनका स्थानीय कार्यकर्ता है। उसे नशे की हालत में पकड़ा गया है। यह एक राजनीतिक ड्रामा है।”

उन्होंने कहा कि यह निराशा और हताशा को दर्शाता है क्योंकि अब कुछ भी काम नहीं कर रहा है, इसलिए वे इस तरह के घिसे-पिटे कदम उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो भी पकड़ा जाए, पुलिस को उसके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जांच से पता चलेगा कि वह आम आदमी पार्टी का कार्यकर्ता है।

दिल्ली में फिर से सरकार बनाने का दावा कर रही AAP

बता दें, दिल्ली में जनवरी, 2025 में विधानसभा के चुनाव होने हैं और आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर दिल्ली में अपनी सरकार बनाने के लिए चुनाव अभियान छेड़ दिया है। दिल्ली में 2013, 2015 और 2020 में आम आदमी पार्टी अपनी सरकार बना चुकी है।

2013 में आप ने कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार बनाई थी जबकि 2015 और 2020 में उसने बहुत बड़े बहुमत के साथ दिल्ली में सरकार बनाने में कामयाबी हासिल की थी। 2015 के विधानसभा चुनाव में आप ने 70 में से 67 सीटें जीती थी जबकि 2020 के विधानसभा चुनाव में उसने 62 सीटों पर जीत दर्ज की थी।

दूसरी ओर बीजेपी और कांग्रेस भी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हुए हैं। हरियाणा और महाराष्ट्र की जीत के बाद बीजेपी के हौसले बुलंद हैं और वह दिल्ली में सरकार बनाने के दावे कर रही है।

केजरीवाल बोले- दिल्ली में है गैंगस्टर्स का राज

केजरीवाल ने शुक्रवार को कहा था कि पिछले 10 सालों में दिल्ली की कानून व्यवस्था बद से बदतर होती जा रही है। केजरीवाल ने कहा था कि जब से अमित शाह गृहमंत्री बने हैं तब से दिल्ली की कानून व्यवस्था और खराब हो गई है।

यह भी पढे़ं-

दिल्ली बैठक में हो गया था फैसला, अजित ने बताया महायुति सरकार का फॉर्मूला; 5 दिसंबर को शपथग्रहण

सिर्फ फडणवीस की चर्चा क्यों, बीजेपी कोटे से ये 4 चेहरे भी बनाए जा सकते हैं मुख्यमंत्री