कर्नाटक विधानसभा चुनावों के शुरुआती रुझानों में कांग्रेस बहुमत के आंकड़े को पार करती दिख रही है। वहीं, नतीजों से पहले गुरुवार को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी शिमला स्थित अपने निजी आवास पर पहुंची। हिमाचल से प्रियंका गांधी की तस्वीरें सामने आ रही हैं जिसमें वो हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना करती दिखीं। कांग्रेस महासचिव ने शिमला स्थित प्रसिद्ध जाखू हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की।
शिमला पहुंची सोनिया गांधी
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी भी शुक्रवार शाम शिमला पहुंच गई हैं। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ अन्य नेताओं ने चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर सोनिया गांधी को रिसीव किया। चंडीगढ़ से सोनिया गांधी सड़क मार्ग से शिमला पहुंची हैं। जानकारी के मुताबिक, राहुल गांधी भी जल्द छराबड़ा स्थित प्रियंका गांधी के निजी आवास पर आ सकते हैं।
Karnataka Election Result 2023: कांग्रेस में जश्न का माहौल
कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजों से पहले ही एक वीडियो सामने आया है, जिसमें मतगणना से पहले दिल्ली के कांग्रेस कार्यालय में ढोल नगाड़ों के साथ जश्न मनाया जा रहा है। दिल्ली में कांग्रेस दफ्तर के बाहर जश्न का दौर शुरू हो गया है। AICC मुख्यालय के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ता मिठाई बांटते नजर आए। वहीं, बेंगलुरु पार्टी कार्यालय के बाहर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर जश्न मनाया। कई कांग्रेस नेता भी बड़ी जीत का दावा कर रहे हैं।
रुझानों में कांग्रेस को आगे देखकर सचिन पायलट ने कहा, “कर्नाटक में भारी संख्या के साथ हम जीत रहे हैं। 40% कमीशन सरकार को जनता ने नकारा है। तमाम दुष्प्रचार हुआ लेकिन हम मुद्दों पर अड़े थे और इसीलिए जनता ने हमें बहुमत दिया है।”
कर्नाटक विधानसभा चुनाव की मतगणना के शुरुआती रुझानों में कांग्रेस आगे चल रही है, ऐसे में पार्टी ने अपने सभी विधायकों को आज बेंगलुरु पहुंचने को कहा है। पार्टी सूत्रों ने कहा कि उन्हें बेंगलुरू ले जाने के लिए राज्य के दूर-दराज के इलाकों में भी विशेष इंतजाम किए गए हैं और इसके लिए पर्यवेक्षक भी नियुक्त किए गए हैं।