Hemant Soren Jharkhand: झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकारी अध्यक्ष व झांरखंड के भावी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मुलकात की और उन्हें रविवार (29 दिसंबर) को मुख्यमंत्री  के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। बता दें कि जेएमएम और कांग्रेस झारखंड विधानसभा चुनाव में एक साथ चुनावी मैदान में उतरे थे। इस गठबंधन ने राज्य के 47 विधानसभा सीटों जीत दर्ज की है। संभावना है कि कांग्रेस पार्टी को डीप्टी सीएम पद मिल सकता है।

आलमगीर आलम बन सकते है डिप्टी सीएम:  इंडियन एक्सप्रेस के सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस को सोरेन सरकार में उप मुख्यमंत्री और चार मंत्री पद मिलने की संभावना है। पाकुड़ के विधायक आलमगीर आलम को मंगलवार (24 दिसंबर ) को कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) का नेता चुना गया था। संभावना है कि आलम उप मुख्यमंत्री पद का कार्यभार संभाल सकते है। चार बार के विधायक आलम झारखंड में कांग्रेस के वरिष्ठतम नेताओं में से एक हैं।

Hindi News Today, 26 December 2019 LIVE Updates: बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें

कांग्रेस पार्टी से एक महिला बन सकती है मंत्री: बता दें कि मंत्री पद की दौड़ में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक बन्ना गुप्ता और बेरमो के विधायक राजेंद्र प्रसाद सिंह शामिल हैं। सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस पार्टी अपने चार महिला विधायकों में से किसी एक को मंत्री बना सकती है। इन चारों में – दीपिका पांडे सिंह, पूर्णिमा नीरज सिंह, ममता देवी और अम्बा प्रसाद साहू शामिल है। सूत्रों ने बताया कि इन चारों विधायकों में से दीपिका और अंबा के मंत्री बनने की संभावना ज्यादा है।

 राहुल गांधी होगें शपथ ग्रहण में शामिल: हेमंत सोरेन ने कहा कि राहुल गांधी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। साथ ही उन्होंने विपक्ष के कई नेताओं से शपथ ग्रहण में शामिल होने के लिए बात की है। सोरेन ने कहा कि वह इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष और गृह मंत्री अमित शाह को भी निमंत्रण देगें।