झारखंड विधानसभा चुनाव में BJP की केंद्रीय कमेटी की ओर से जारी स्टार प्रचारकों की पहली सूची से बिहार भाजपा के वरीय और मुखर नेता व उप-मुख्यमंत्री सुशील मोदी का नाम नहीं है। साथ ही बिहार के बेगूसराय से जीते सांसद, केंद्रीय मंत्री और पार्टी के फायरब्रांड नेता गिरिराज सिंह का नाम भी नदारत है। सूची में इन दोनों के नाम न होने से भाजपाई अचरज में है।
भगवा पार्टी के स्टार प्रचारकों की पहली लिस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री मंत्री अमित शाह समेत 40 नेता हैं। इनमें बिहार के भी कई नेता है। केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, नित्यानंद राय, बिहार के मंत्री नंदकिशोर यादव और मंगल पांडे के नाम भी हैं। यादव तो झारखंड चुनाव में पार्टी के प्रभारी ही बनाए गए हैं। वहीं, पांडे को पलामू और गढ़वा का अलग से प्रभारी बनाया गया है।
पार्टी के सूत्र बताते है कि सुशील मोदी का नाम सूची में कहीं नहीं है। यह थोड़े ताज्जुब की बात है, जबकि सुशील मोदी भाजपा के कद्दावर नेताओं में से एक है। खासकर बिहार में। वह 2005 से लगातार (नीतीश कुमार के राजग से अलग होने के दौरान कुछ महीने छोड़कर) बिहार के उपमुख्यमंत्री ओहदे पर विराजमान है। और, लालू व उनके परिवार के खिलाफ भ्रष्टाचार को लेकर लगातार प्रहार कर रहे है। फिर भी उनका नाम सूची से गायब है।
BJP के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, स्मृति ईरानी, भोजपुरी सिनेस्टार रवि किशन, और मनोज तिवारी भी स्टार प्रचारकों में है। हालांकि, पार्टी सूत्र बताते हैं कि रविवार को भाजपा प्रदेश दफ्तर में इस सिलसिले में पार्टी नेताओं की उच्च स्तरीय बैठक हुई है। इसमें झारखंड चुनाव में और भेजे जाने वाले संभावित नेताओं के नामों की चर्चा हुई है।
बता दें कि 81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा के लिए 30 नवंबर से 20 दिसंबर तक पांच चरण में चुनाव होंगे। 23 दिसंबर को वोटों की गिनती होगी और नतीजे भी इसी दिन आ जाने की उम्मीद है।
इस बीच, संसद का शीतकालीन सत्र 18 नवंबर सोमवार से शुरू हो चुका है, जो 13 दिसंबर तक चलेगा। वहीं बिहार विधानसभा का सत्र 22 नवंबर और 28 नवंबर को है। पार्टी सूत्र बताते है कि बिहार के शीतकालीन सत्र की वजह से सुशील मोदी का नाम शामिल नहीं किया गया है। शायद दूसरी सूची में इन्हें स्थान मिलेगा।