Omar Abdullah Swearing In Ceremony: जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटने के बाद पहली बार नई सरकार का गठन होने जा रहा है। विधानसभा चुनाव में नेशनल कॉन्फ्रेंस-कांग्रेस गठबंधन की जीत हुई और उमर अब्दुल्ला के केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर का पहला मुख्यमंत्री चुना गया। आज नई सरकार का शपथ ग्रहण है। इसको लेकर तैयारियां पूरी हो गई हैं। शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर (SKICC) में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा सुबह 11:30 बजे सभी को गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।

इंडिया गठबंधन के नेताओं को निमंत्रण

इस शपथग्रहण समारोह के लिए इंडिया गठबंधन के नेताओं को निमंत्रण भेजा गया है। कई VVIP इस समारोह में उपस्थित होंगे। ऐसे में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जानकारी के मुताबिक इस समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, लालू प्रसाद यादव, एमके स्टालिन, उद्धव ठाकरे, हेमंत सोरेन, महबूबा मुफ्ती, भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल को निमंत्रण भेजा गया है।

इन नेताओं को मिल सकता है मंत्रीपद

सूत्रों के मुताबिक उमर कैबिनेट में 10 मंत्री शामिल हो सकते हैं। इसमें से एक पद कांग्रेस के हिस्से में जा रहा है। हालांकि कांग्रेस ने दो मंत्रीपद की मांग की थी। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष तारिक कर्रा को यह पद मिलने की संभावना है। इसके अलावा सकीना इटू, सैफुल्लाह मीर, अब्दुल रहीम राथर, अली मोहम्मद सागर, सुरिंदर चौधरी, सतीश शर्मा, फारूक शाह, नजीर अहमद और अहमद मीर भी कैबिनेट में शामिल हो सकते हैं।

दूसरी बार लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री के रूप में उमर अब्दुल्ला की यह दूसरी पारी होगी। इससे पहले, उन्होंने 2009 से 2014 तक मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया था। नेशनल कॉन्फ्रेंस-कांग्रेस गठबंधन ने 11 अक्तूबर, शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर में सरकार बनाने का दावा पेश किया था। मुख्यमंत्री पद के लिए मनोनीत उमर अब्दुल्ला ने राजभवन में उप राज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात की थी।