Indian Army: भारतीय सेना ने हर साल 15 जनवरी को दिल्ली में आयोजित होने वाली सेना दिवस परेड को राष्ट्रीय राजधानी के बाहर स्थानांतरित करने का फैसला किया है। अगले साल की सेना दिवस परेड दक्षिणी कमान क्षेत्र में होगी।
भारतीय सेना के अधिकारियों ने एएनआई को बताया, ‘भारतीय सेना ने 15 जनवरी को दिल्ली में आयोजित वार्षिक सेना दिवस परेड को राष्ट्रीय राजधानी के बाहर स्थानांतरित करने का फैसला किया है। 2023 की सेना दिवस परेड दक्षिणी कमान क्षेत्र में आयोजित की जाएगी।’
भारतीय वायु सेना (IAD) ने भी हाल ही में इस साल दिल्ली के पास हिंडन एयर बेस से चंडीगढ़ के लिए अपना वार्षिक फ्लाई-पास्ट और परेड निकाला था। सेना के अधिकारियों ने कहा कि परेड अब अलग-अलग स्थानों पर बारी-बारी से आयोजित की जाएगी और हर साल जगह बदली जाएगी।
बता दें, पिछले आठ वर्षों में प्रधानमंत्री ने अहमदाबाद और चेन्नई जैसे विभिन्न शहरों में विदेशी गणमान्य व्यक्तियों की मेजबानी करना शुरू कर दिया है। अन्य राज्यों में सैन्य प्रदर्शनी DefExpo जैसे कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य देश भर के लोगों के साथ गहरा जुड़ाव पैदा करना और शासन को जनता के करीब लाना है।
देश में हर साल 15 जनवरी को सेना दिवस मनाया जाता है। इस दिन दिल्ली के करियाप्पा परेड मैदान में विशेष परेड का आयोजन होता है। सेना के अत्याधुनिक हथियारों और टैंक-मिसाइल, जैसे साजो-सामान प्रदर्शित किए जाते हैं।
बता दें, साल 1942 में भारतीय सैन्य अफसरों को एक यूनिट कमांड करने का मौका मिला था, जबकि 15 जनवरी 1949 को फील्ड मार्शल केएम करियप्पा ने जनरल फ्रांसिस ब्रुचर से भारतीय सेना की कमान ली थी। फ्रांसिस ब्रुचर भारत के अंतिम ब्रिटिश कमांडर इन चीफ थे। केएम करियप्पा भारतीय सेना के पहले कमांडर इन चीफ बने थे। उसी समय से 15 जनवरी को सेना दिवस मनाया जाता है। भारतीय सेना को दुनिया की सबसे ताकतवर सेना में से एक माना जाता है।