Weather forecast, Monsoon and Temperature: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में रविवार (30 जून, 2019) रात और सोमवार (एक जुलाई) सुबह मूसलाधार बारिश से न केवल शहर का मौसम बदल गया, बल्कि यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ। सड़क से लेकर रेल पटरियों तक जलजमाव रहा, जिससे कई जगह बसों और ट्रेनों में देरी हुई। वहीं, कई फ्लाइट्स भी मौसम की वजह से प्रभावित हुईं।
भारी बारिश से महानगर के विभिन्न इलाकों में पानी भर गया है। मुंबई में सायन रेलवे स्टेशन से माटुंगा के बीच रेल की पटरियों पर लबालब पानी भरने की खबर है, जबकि पश्चिमी रेलवे के तहत पालघर में बारिश के बाद 13 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया। दादर ईस्ट में भारी बारिश के बीच लोग काम पर निकले। स्कूली बच्चे भी घुटने भर पानी में चल कर स्कूल पहुंचे। शहर के स्ट्रीट किंग सर्कल, चेंबूर इलाके में भी पानी भर गया।
इसी बीच, मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में मंगलवार से बारिश होने का अनुमान जताया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अपर महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है जिससे मध्य भारत सहित ओडिशा और राजस्थान के कुछ हिस्सों में अच्छी बारिश हो सकती है।
उनके मुताबिक, 30 जून तक मानसून उत्तर भारत के कुछ इलाकों को छोड़कर पूरे देश में पहुंच चुका है। इसने अभी दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर में दस्तक नहीं दी है।
Mumbai Rains, Weather Forecast Today Live Updates in Hindi
मौसम विभाग ने मुंबई में तीन से पांच जुलाई के बीच बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका जताई है। अनुमान है कि इस दौरान महानगर और आसपास के इलाकों में 1 दिन में 200 मिलीमीटर या उससे भी अधिक वर्षा रिकॉर्ड की जा सकती है।
मौसम विभाग व स्काईमेट के अनुसार मानसून द्वारका, अहमदाबाद, भोपाल, जबलपुर, पेंड्रा, सुल्तानपुर, लखीमपुरी खेरी, मुक्तेश्वर के ऊपर से होते हुए उत्तर की तरफ बढ़ रहा है।अगले 48 घंटे में बारिश होने के आसार हैं।
BMC कमिश्नर के मुताबिक बीते दो दिनों में ही 540 मिलीमीटर बारिश हुई है जो पिछले 10 सालों में सबसे ज़्यादा है।बारिश का पानी सड़कों पर भर गया है, जिससे मुंबई की रफ्तार थम सी गई है।
मौसम पूर्वानुमान के क्षेत्र की भारतीय कंपनी स्काइमेट वेदर की मानें तो अगले 24 घंटों में ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के दक्षिणी और मध्य जिलों समेत, मराठवाड़ा, विदर्भ, कोंकण-गोवा, गुजरात और तटीय कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश व कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है।
महाराष्ट्र के कल्याण में जर्जर तीन मंजिला इमारत का एक हिस्सा सोमवार दोपहर ढह गया। जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के एक अफसर ने बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, क्योंकि इमारत में रहने वाले लोगों को कुछ वक्त पहले वहां से निकाल लिया गया था। इस इमारत को खतरनाक घोषित किया गया था।
उन्होंने बताया कि घटना करीब तीन बजे हुई। उसकी सूचना पाकर स्थानीय दमकल कर्मी और जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के कर्मी मौके पर पहुंचे। अधिकारी ने बताया कि ठाणे जिले में कल्याण और इलाकों में रविवार से ही भारी बारिश हो रही है। संभवत: बारिश की वजह से ही इस भवन का एक हिस्सा ढह गया।
मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में आगामी 24 घंटों के दौरान एक दो स्थानों पर 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के साथ मेघगर्जन हो सकती है। साथ ही हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश और पूर्वी हिस्सों के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना भी है।
बिहार में लोगों को आखिरकार गर्मी से राहत मिल गई। रविवार को आई आंधी-बारिश से जगह-जगह पेड़ उखड़ गए। कई जगह तो गरीबों की झोपडि़यां भी क्षतिग्रस्त हो गईं। इन सब के अलावा, बारिश के साथ वज्रपात से भी क्षति हुई। नवादा के पाली गांव में वज्रपात से दो लोगों की मौत हो गई। जबकि, तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उधर, शिवहर के पुरनहिया में हुए वज्रपात की घटना हुई। हालांकि, वहां किसी के मौत की खबर नहीं है।
दिल्ली वासियों के सप्ताह की शुरुआत भीषण गर्मी और उमस भरे मौसम से हुई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि सोमवार शाम को बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। रविवार को अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री ऊपर 30.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आर्द्रता का स्तर 53 प्रतिशत रहा जबकि अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
मुंबई में बारिश लगातार जारी है। महानगर के कई हिस्सों में जलजमाव से जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। मरीन ड्राइव पर समुद्र में ऊंची लहरें उठीं। इसके अलावा माटुंगा में पुलिस स्टेशन के बाहर की सड़क भी पानी में पूरी तरह लबालब नजर आई।
पश्चिमी रेलवे ने बारिश के कारण प्रभावित ट्रेन सेवाओं के मद्देनजर लोगों को परेशानी से बचाने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
मुंबई में हो रही बारिश से राज्य सरकार के मंत्री रविंद्र चव्हाण भी नहीं बच सके। डोंबिवली से विधायक रविंद्र चौहान पार्टी के मुंबई में हो रहे अधिवेशन में हिस्सा लेने जा रहे थे। बारिश के कारण वे लोकल ट्रेन में ही फंस गए। मंत्री के आगे जाने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा।
गुजरात में भारी बारिश के कारण सूरत को मुंबई से जोड़ने वाले हाईवे पर लंबा जाम लग गया। जाम के कारण यहां ट्रैफिक बहुत धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा था। इससे पहले गुजरात के दक्षिण क्षेत्र में भारी बारिश हो रही है। वलसाड में पिछले 10 घंटे में 203 एमएम बारिश हो चुकी है। वहीं वापी में इस अवधि में 228 एमएम बारिश दर्ज की गई है।
मुंबई के घाटकोपर में बारिश से एक बहुत पुराना और बड़ा पेड़ जड़ से उखड़ गया। पेड़ के गिरने से करीब 10 ऑटो बुरी तरह से दबने के बाद क्षतिग्रस्त हो गए। लोगों का कहना है कि यह हादसा बीएमसी की लापरवाही के कारण हुआ है। हादसे के समय किसी भी ऑटो में कोई सवारी नहीं थी। लोगों का कहना था बीएमसी को पहले ही इस जर्जर हो चुके पेड़ की कुछ टहनियों को काट देना चाहिए था।
मध्यप्रदेश के खरगौन में लगातार हो रही बारिश से बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। यहां लोगों के घरों में पानी घुस गया है। इससे पहले मौसम विभाग ने इंदौर, झाबुआ, मंदसौर, रतलाम, अलीराजपुर, धार और आगर जिले में भारी बारिश की चेतावनी जारी की थी। मौसम विभाग ने भोपाल में मंगलवार को गरज के साथ छीटें पड़ने का अनुमान जताया है। शहर का अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं 18 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
गुजरात में भारी बारिश के कारण सूरत को मुंबई से जोड़ने वाले हाईवे पर लंबा जाम लग गया। जाम के कारण यहां ट्रैफिक बहुत धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा था। इससे पहले गुजरात के दक्षिण क्षेत्र में भारी बारिश हो रही है। वलसाड में पिछले 10 घंटे में 203 एमएम बारिश हो चुकी है। वहीं वापी में इस अवधि में 228 एमएम बारिश दर्ज की गई है।
मानसून भले ही भारत के कई हिस्सों में दस्तक दे दी हो लेकिन इसकी चाल अभी बिगड़ी हुई है। मुंबई, गुजरात जैसे इलाकों में भारी बारिश के बावजूद देश के अन्य हिस्सों में अभी बारिश में खासी कमी दर्ज की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि देश में अभी तक मानसून की बारिश 34 फीसदी कम हुई है। कई इलाकों में यह कमी 60 से 61 फीसदी तक है।
महाराष्ट्र के जालना में भारी बारिश के बाद पानी के बहाव में सड़क ही बह गई और यातायात प्रभावित हुआ। पानी के तेज बहाव देखते ही देखते रोड कटकर पानी में बह गया। इससे पहले महाराष्ट्र के पालघर समेत मुंबई के कई इलाकों में भारी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार महाराष्ट्र के तटीय इलाकों, मुंबई, ठाणे, रत्नागिरी और आसपास के इलाकों में अगले 24-36 घंटे भारी बारिश होने की संभावना है तो ग्रेटर मुंबई, ठाणे और पालघर जिले में अगले चार घंटे के दौरान भारी बारिश हो सकती है।
मुंबई में लगातार दो दिन की बारिश के बाद रविवार को राहत रही। मौसम विभाग के अधिकारियों ने मुंबई में 3 से 5 जुलाई के बीच भारी बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। मौसम वेदर पोर्टल स्काइमेट के अनुसार मुंबई में 3 से 5 जुलाई के बीच 200 एमएम से अधिक बारिश हो सकती है। इस बार मुंबई में मानसून 15 दिन की देरी से पहुंचा है। मौसम विभाग ने मुंबई और उसके आस-पास भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
राजधानी लखनऊ और आसपास के इलाकों में आज दिन की शुरुआत झमाझम बारिश से हुई लेकिन दिन में धूप निकलने से उमस बढ़ गई। लखनऊ और उससे सटे बाराबंकी तथा आसपास के कुछ और इलाकों में सुबह से ही आसमान में काले बादल छाये रहे। कुछ ही देर बाद शुरू हुई तेज हवा के साथ झमाझम बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। खासकर बाराबंकी में मूसलाधार बारिश हुई।