Arvind Kejriwal Arrest: दिल्ली शराब घोटाला मामले में कई नोटिस और समन जारी करने वाले प्रवर्तन निदेशालय ने गुरुवार रात दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले ईडी अधिकारियों की एक टीम केजरीवाल के आवास पर पहुंची, तलाशी ली और उनसे करीब दो घंटे तक पूछताछ की। केजरीवाल ईडी के 9 समन में से किसी में भी शामिल नहीं हुए। केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ इंडिया गठबंधन के नेता एकजुट नजर आए हैं। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव समेत कई नेताओं ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि डरा हुआ तानाशाह, एक मरा हुआ लोकतंत्र बनाना चाहता है। मीडिया समेत सभी संस्थाओं पर कब्ज़ा, पार्टियों को तोड़ना, कंपनियों से हफ्ता वसूली, मुख्य विपक्षी दल का अकाउंट फ्रीज करना भी ‘असुरी शक्ति’ के लिए कम था, तो अब चुने हुए मुख्यमंत्रियों की गिरफ्तारी भी आम बात हो गई है। इंडिया इसका मुंहतोड़ जवाब देगा।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मोदी सरकार पर बोला हमला
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि रोज जीत का झूठा दंभ भरने वाली अहंकारी भाजपा, विपक्ष को हर तरह से चुनाव के पहले गैर कानूनी तरीके से कमजोर करने की कोशिश कर रही है। अगर सच में जीत का भरोसा होता तो संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग करके मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस पार्टी का अकाउंट फ्रीज नहीं किया जाता । विपक्षी पार्टियों के नेताओं को ठीक चुनाव से पहले निशाना नहीं बनाया जाता। सच यह है की भाजपा आने वाले चुनाव परिणाम से पहले ही डर गयी है और बौखलाहट में विपक्ष के लिए हर तरह की मुश्किलें पैदा कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि यह वक्त का बदलाव है। अबकी बार बीजेपी सत्ता के बाहर है।
अखिलेश यादव ने कुछ इस अंदाज में किया ट्वीट
यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तार पर बीजेपी पर तंज कसा है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि जो खुद हैं शिकस्त के खौफ में कैद ‘वो’ क्या करेंगे किसी और को कैद। भाजपा जानती है कि वो फिर दोबारा सत्ता में नहीं आनेवाली, इसी डर से वो चुनाव के समय, विपक्ष के नेताओं को किसी भी तरह से जनता से दूर करना चाहती है, गिरफ्तारी तो बस बहाना है। ये गिरफ्तारी एक नयी जन-क्रांति को जन्म देगी।
शरद पवार ने की निंदा
शरद पवार ने कहा कि विपक्ष को निशाना बनाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों के बदले की भावना से किए जा रहे दुरुपयोग की कड़ी निंदा करता हूं, खासकर जब आम चुनाव नजदीक आ रहे हों। यह गिरफ्तारी दर्शाती है कि भाजपा सत्ता के लिए किस हद तक गिर सकती है। इस असंवैधानिक कार्रवाई के खिलाफ ‘इंडिया’ एकजुट है।
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने भी की आलोचना
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि चुनाव के चलते दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को इस तरह टारगेट करना एकदम गलत और असंवैधानिक है। राजनीति का स्तर इस तरह से गिराना न प्रधानमंत्री को शोभा देता है, न उनकी सरकार को। अपने आलोचकों से चुनावी रणभूमि में उतरकर लड़िये, उनका डटकर मुकाबला करिए, उनकी नीतियों और कार्यशैली पर बेशक हमला करिए, यही लोकतंत्र होता है। मगर इस तरह देश की सारी संस्थाओं की ताकत का अपने राजनीतिक मकसद को पूरा करने के लिए इस्तेमाल करना, दबाव डालकर उन्हें कमजोर करना लोकतंत्र के हर उसूल के खिलाफ है।
देश के विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस के बैंक खाते फ्रीज कर दिये गए हैं, तमाम राजनीतिक दलों और उनके नेताओं पर ED, CBI, IT का दिन रात दबाव है, एक मुख्यमंत्री जेल में डलवा दिये गये हैं, अब दूसरे मुख्यमंत्री को भी जेल ले जाने की तैयारी हो रही है। ऐसा शर्मनाक दृश्य भारत के स्वतंत्र इतिहास में पहली बार देखने को मिल रहा है।
पीडीपी चीफ महबूबा मुफ्ती बोली- बढ़ती सत्तावाद की बू आ रही
जम्मू-कश्मीर की पूर्व सीएम और पीडीपी चीफ महबूबा मुफ्ती ने कहा कि ईडी द्वारा एक और मुख्यमंत्री की मनमानी गिरफ्तारी से राजनीतिक प्रतिशोध और बढ़ती सत्तावाद की बू आ रही है। इस कायरतापूर्ण कृत्य ने सत्ताधारी दल के डर को उजागर कर दिया है कि अब चुनाव होने से पहले ही हेरफेर करके हताश उपायों का सहारा लिया जा रहा है। इतिहास से पता चला है कि अत्याचार कभी भी प्रबल नहीं होता है एकीकृत प्रतिरोध का चेहरा है। उन्होंने आगे कहा कि हम डरने वाले नहीं है।
केरल सीएम बोले- यह विपक्ष की आवाज बंद करने की कोशिश
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी पर केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन का ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी बेहद आपत्तिजनक है। यह कार्रवाई चुनाव प्रक्रिया के स्तर पर विपक्षी आवाज को बंद करने के प्रयास का हिस्सा है। इससे पता चलता है कि यह उन लोगों की कायरता है जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया से डरते हैं।
हम डरने वाले नहीं हैं- तेजस्वी यादव
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी से साफ जाहिर है कि विपक्ष से लोकतांत्रिक तरीके से लड़ने की बजाय बीजेपी जांच एजेंसियों एवं अन्य संवैधानिक संस्थानों की आड़ और पुरजोर मदद से चुनाव लड़ना चाहती है। राजनैतिक, लोकतांत्रिक व संवैधानिक नैतिकता एवं मर्यादाओं को NDA सरकार ने तार-तार कर देश पर अघोषित आपातकाल थोप दिया है। हम सभी मजबूती से दिल्ली के लोगों की अति लोकप्रिय सरकार के साथ खड़े हैं। जैसा की हम सब ने पटना व मुंबई से खुल कर ऐलान किया था कि हम डरने वाले नहीं बल्कि लड़ कर जीतने वाले लोग हैं।