दिल्ली में कोरोना संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। इस बीच रविवार को सरकार ने एक सप्ताह के लिए लॉकडाउन को बढ़ा दिया। आजतक पर एक शो में भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्त संबित पात्रा ने कहा कि इस मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने सोच समझकर ही फैसला लिया होगा। लेकिन साथ ही उन्होंने कहा कि इससे पहले लोग इसे तुगलकी फैसला क्यों बताते थे?

एंकर ने कहा कि बीजेपी की तरफ से सवाल उठाए जा रहे हैं कि सरकार ने पहले कोई इंतजाम नहीं किए, लॉकडाउन ही अब अंतिम विकल्प था। तमाम तरह की बात आप लोगों की तरफ से की जा रही है। जवाब देते हुए संबित पात्रा ने कहा कि हम छोटी-छोटी राजनीति नहीं करते हैं। लॉकडाउन आवश्यक था मुख्यमंत्री ने सोच समझकर ही फैसला लिया होगा। इसमें दो मत नहीं है कि दिल्ली की हालत आज बहुत खराब है।

बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि जनता को बचाने के लिए अगर मुख्यमंत्री ने कोई निर्णय लिया है तो इस पर ओछी राजनीति नहीं होनी चाहिए।  लेकिन जो लोग इससे पहले लॉकडाउन को तुगलकी लॉकडाउन कहते थे। जो लोग इससे पहले लॉकडाउन की आलोचना करते थे उन्हें भी सोचना चाहिए। जब पहले भी ये निर्णय लिए गए थे उस समय जिन्होंने इसकी आलोचना की थी उन्हें भी इस बात पर सोचना चाहिए।

देश के लोगों को बचाने के लिए अगर लॉकडाउन विकल्प था तो उस समय निर्णय लिया गया। इस बार राज्य सरकारों को निर्णय लेने की अनुमति दी गयी है कि उन्हें जो उचित लगता है वो कदम उठाए।

बताते चलें कि रविवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि एक सप्ताह के लिए दिल्ली में लॉकडाउन को बढ़ाया जा रहा है। अब दिल्ली में 3 मई तक लॉकडाउन लागू रहेगा। दिल्ली में कोविड पॉजिटिविटी रेट 36-37 फीसदी तक पहुंच गयी है।पिछले 24 घंटे में दिल्ली में 350 लोगों की मौत हुई है। वहीं इस दौरान 22,933 नए मामले सामने आए हैं।