दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठंडी हवाओं और बढ़ती गलन ने हालात को और सख्त कर दिया है, जिसके चलते ट्रेनों और उड़ानों का संचालन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है और लद्दाख व हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। सोमवार को सुबह दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में हल्की बारिश देखने को मिली, जिससे ठंड और बढ़ सकती है।

राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को घना कोहरा छाया रहा, जिससे अभूतपूर्व नौ घंटे तक दृश्यता शून्य रही। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग ने बताया कि इस मौसम में पहली बार इतने लंबे समय तक कोहरा छाया रहा। अधिकारियों के अनुसार, घने कोहरे के कारण शनिवार और रविवार को कई ट्रेनें देरी से चलीं, जबकि 15 उड़ानों का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया। पालम में शाम छह बजे से सुबह तीन बजे तक नौ घंटे के लिए दृश्यता शून्य रही। इस मौसम में कोहरा छाए रहने की यह सबसे लंबी अवधि है। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली के प्राथमिक मौसम केंद्र, सफदरजंग ने आठ घंटे तक शून्य दृश्यता दर्ज की।

मौसम समेत अन्य खबरों के लिए पढ़ते रहें जनसत्ता.कॉम

Live Updates
17:23 (IST) 6 Jan 2025
Weather Update: राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली में बदलेगा मौसम का मिजाज

पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के कुछ हिस्सों में पिछले 24 घंटों में हल्की बारिश देखी गई है। जिससे ठंड का असर और ज़्यादा बढ़ने की संभावना है। आने वाले दिनों में मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिलेगा क्योंकि एक और पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय के पास पहुँच रहा है, जिससे उत्तरी राजस्थान और उससे सटे पंजाब और हरियाणा के राज्यों में एक प्रेरित चक्रवाती परिसंचरण शुरू हो जाएगा। इस प्रणाली के कारण छिटपुट बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ेंगी, जो शुरू में उत्तरी राजस्थान को प्रभावित करेंगी।

17:16 (IST) 6 Jan 2025
Weather Update: दिल्ली में घने कोहरे की संभावना

जानकारी के लिए बता दें कि मौसम विभाग ने 7 जनवरी को दिल्ली में घने कोहरे की संभावना जताई है।अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री रहने की संभावना है। आने वाले तीन दिन में दिल्ली में हल्की बारिश की संभावना भी बनी हुई है।

15:53 (IST) 6 Jan 2025
Weather Update: पहाड़ों पर बर्फबारी से बदला मौसम

पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर जारी है। कश्मीर में ऊंचाई वाले कई इलाकों में कल से ही बर्फबारी तेज है। कुलगाम में, बांदीपोरा में और गुलमर्ग के इलाके सफेद चादर से ढक गए और आज भी बर्फबारी के आसार हैं। कश्मीर के अलावा उत्तराखंड का हाल भी कुछ ऐसा ही है।

14:23 (IST) 6 Jan 2025
Weather Update: उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड

पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग घने कोहरे को देखते हुए पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम और नगालैंड में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है। भारी ठंड की वजह से उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड का हाल बहुत बुरा है। इन राज्यों में शीतलहर का प्रकोप है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक इन राज्यों में कोल्ड डे की स्थिति की संभावना जताई है।

12:01 (IST) 6 Jan 2025
Weather Update: राजस्थान में घने कोहरे का असर

राजस्थान के कई जिलों में घना कोहरा देखने को मिल रहा है। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार राज्य में आगामी चार से पांच दिन मौसम शुष्क बना रहेगा। इसके अलावा अधिकांश इलाकों में न्यूनतम व अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री गिरावट होने की संभावना है। मौसम केन्द्र के प्रवक्ता के अनुसार बीकानेर, जयपुर व भरतपुर संभाग के कुछ भागों में आगामी तीन दिन कहीं-कहीं घना कोहरा छाने की संभावना है।

10:29 (IST) 6 Jan 2025
Weather Update: उत्तर प्रदेश में कड़ाके की सर्दी

उत्तर प्रदेश में कहाड़े की सर्दी पड़ रही है। रविवार को बाराबंकी प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जबकि हमीरपुर के बाद लखनऊ तीसरा सबसे ठंडा शहर रहा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि छह जनवरी को भी प्रदेश के कई हिस्सों में शीत दिवस की स्थिति बनी रह सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में हल्की वर्षा होने की संभावना जताई गई है। लखनऊ का अधिकतम तापमान सामान्य से 6.6 डिग्री कम, यानी 13.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस कारण पूरे दिन ठिठुरन बनी रही। रात का न्यूनतम तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बाराबंकी में दिन का अधिकतम तापमान सबसे कम 13 डिग्री सेल्सियस रहा।

09:21 (IST) 6 Jan 2025
Weather Update: दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में बारिश

सोमवार को दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में बारिश देखने को मिली। सोमवार को दिल्ली में गीता कॉलोनी और आसपास के इलाकों में बारिश हुई। मौसम विभाग का कहना है कि दिनभर हल्की बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

https://twitter.com/ANI/status/1876108548058616029

09:11 (IST) 6 Jan 2025
Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में आज बारिश की संभावना

दिल्ली के मौसम की बात करें तो आज बारिश की संभावना जता दी गई है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली वालों को कोहरे से तो राहत मिल रही है, लेकिन ठंड आज बढ़ सकती है। सोमवार को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस रह सकता है, वहीं अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस जा सकता है। यूपी में भी मौसम का मिजाज लोगों को परेशान ही करने वाला है। लखनऊ में तो तापमान में बड़ी गिरावट देखने को मिल गई है। न्यूनतम तापमान 11 डिग्री चल रहा है और अधिकतम 14 डिग्री सेल्सियस जा रहा है।

22:51 (IST) 5 Jan 2025
Weather Update: घने कोहरे के चादर में लिपटी दिल्ली, कश्मीर में बर्फबारी, झारखंड में ठंड से स्कूल बंद

Weather Update: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, यूपी समेत पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड जारी है। दिल्ली में रविवार को भी कोहरे की वजह से दृश्यता कम रही, जबकि झारखंड सरकार ने शीतलहर के मद्देनजर 7-13 जनवरी तक स्कूल बंद रखने की घोषणा की है। कश्मीर घाटी के कई हिस्सों में पारा बिंदु के करीब रहा, जहां रविवार को ताजा बर्फबारी हुआ, जबकि हरियाणा, पंजाब में कई स्थानों पर सर्दी का प्रकोप जारी रहा।

14:40 (IST) 5 Jan 2025
Weather Update: पहाड़ों में बर्फबारी, मैदानी इलाकों में शीतलहर

पहाड़ों पर बर्फबारी की वजह से मैदानी इलाकों में ठंड तेज होती जा रही है। मौसम विभाग ने ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी तेज होने की चेतावनी दी है। दूसरी तरफ उत्तर भारत में शीतलहर के चलते कई शहरों में कोहरे और धुंध ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है।

14:06 (IST) 5 Jan 2025
Weather Update: खराब मौसम के कारण रविवार को 100 से अधिक उड़ानों के संचालन में विलंब

दिल्ली हवाई अड्डे पर खराब मौसम के कारण रविवार को 100 से अधिक उड़ानों के संचालन में विलंब हुआ है। एक अधिकारी ने बताया कि अब तक किसी भी उड़ान को न तो रद्द किया गया है और न ही मार्ग बदला गया है। घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने की वजह से पिछले तीन दिन से उड़ानों का संचालन प्रभावित हो रहा है। दिल्ली हवाई अड्डे पर अब भी दृश्यता कम है। दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (डीआईएएल) ने सुबह 8:45 बजे ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “यात्रियों से अनुरोध है कि वे उड़ान की अपडेट जानकारी के लिए संबंधित विमानन कंपनी से संपर्क करें।”

13:22 (IST) 5 Jan 2025
Weather Update: कम विजिबिलिटी की वजह से दिल्ली में कई ट्रेनें देर से चल रही हैं

दिल्ली में विजिबिलिटी कम होने से कई ट्रेनें देर से चल रही हैं। उत्तर रेलवे ने बताया कि कुल 59 ट्रेन अपने निर्धारित समय से छह घंटे तक की देरी से चल रही हैं, जबकि 22 ट्रेन करीब आठ घंटे की देरी से चल रही हैं। राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई है।

13:06 (IST) 5 Jan 2025
Weather Update: शिमला में अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा

हिमाचल प्रदेश के शिमला में जनवरी माह में सबसे अधिक अधिकतम तापमान शुक्रवार को दर्ज किया गया। स्थानीय मौसम विभाग के मुताबिक, शिमला में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा।

12:59 (IST) 5 Jan 2025
Weather Update: हिमाचल प्रदेश में हिमपात और बारिश का अनुमान

मौसम विभाग ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में रविवार और सोमवार को हिमपात और बारिश होने का अनुमान है। विभाग ने बताया कि हिमाचल के ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ जगहों पर बारिश और बर्फबारी का दौर मंगलवार तक जारी रह सकता है। उसने अनुमान जताया कि आठ जनवरी से पूरे राज्य में मौसम साफ रहेगा।

11:12 (IST) 5 Jan 2025
Weather Update: IGI एयरपोर्ट पर सुबह जीरो विजिबिलिटी

दिल्ली में रविवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 18 और 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सुबह सात बजे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बहुत घने कोहरे के कारण सामान्य दृश्यता शून्य थी।

09:55 (IST) 5 Jan 2025
Weather Update: दिल्ली में शाम के समय भी धुंध छाया रहेगा

दिल्ली में रविवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने तथा सुबह के समय दक्षिण-पूर्व से चार किमी प्रति घंटे से कम की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि शाम और रात के समय धुंध या हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है।