दिल्ली-एनसीआर में मौसम के मिजाज में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। सुबह और शाम की हल्की ठंडक के बीच दोपहर की चटख धूप गर्मी का अहसास करा रही है। तेज हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार के बाद इसमें बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। होली से पहले दिल्ली में तापमान बढ़ने के आसार हैं, जबकि गुरुवार को उत्तर-पश्चिम दिशा से तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिनकी रफ्तार सुबह 14 से 18 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। बिहार में अगले कुछ दिनों तक मौसम बिगड़ा रहेगा। यहां तेज बारिश के साथ आंधी और बिजली गरजने की आशंका है। हवाएं भी 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हैं। वहीं, 7 और 8 मार्च को पश्चिम बंगाल और सिक्किम के गंगा से सटे इलाकों में भी आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

आज की ताजा खबर

मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, गुरुवार को अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। शुक्रवार से हवाओं की गति में कमी आने लगेगी, जिससे तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होगी। अनुमान है कि 11 मार्च तक अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। बुधवार को दिल्ली में 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं, जिससे दिन का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.4 डिग्री कम था।

Live Updates
18:40 (IST) 6 Mar 2025
Aaj ka Mausam LIVE: 7 मार्च को आंशिक रूप से छाए रहेंगे बादल, सुबह रहेगी हल्की धुंध

मौसम विभाग के मुताबिक, 7 मार्च को आकाश में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। सुबह हल्की धुंध रहने की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान 29 से 31°C और 12 से 14°C के बीच रहेगा। सुबह हवा उत्तर-पश्चिम दिशा से 4-6 किमी प्रति घंटे की गति से चलेगी, जो दोपहर तक बढ़कर 10-12 किमी प्रति घंटे की हो जाएगी। शाम और रात के दौरान हवा की गति घटकर 8 किमी प्रति घंटे से कम हो जाएगी।

17:39 (IST) 6 Mar 2025
Aaj ka Mausam LIVE: नया पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना, कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल में हो सकती है बर्फबारी

09 मार्च, 2025 से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ आने की संभावना है। इसके प्रभाव से 9-12 मार्च के दौरान जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में छिटपुट से लेकर व्यापक या हल्की या मध्यम बारिश या बर्फबारी और 10-12 मार्च के दौरान उत्तराखंड में हल्की या मध्यम वर्षा या बर्फबारी होने की संभावना है।

14:31 (IST) 6 Mar 2025
Aaj ka Mausam LIVE: कश्मीर घाटी में तापमान -5°C से नीचे गिरा

कश्मीर घाटी में तापमान -5°C से नीचे गिरने के साथ-साथ सोनमर्ग में बर्फीले तूफान आए, लेकिन किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ।

14:24 (IST) 6 Mar 2025
Aaj ka Mausam LIVE: जम्मू-कश्मीर प्रशासन का बर्फीले तूफानों के मद्देनज़र अलर्ट जारी

जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने पहाड़ी इलाकों में बर्फीले तूफानों के मद्देनज़र अलर्ट जारी कर दिया है और गुरेज़, बांदीपुरा, बारामूला समेत पांच जिलों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। दिन के तापमान में स्थिरता आने से उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में कड़ाके की ठंड से कुछ राहत मिलेगी।

13:22 (IST) 6 Mar 2025
Aaj ka Mausam LIVE: पचमढ़ी रहा सबसे ठंडा शहर

मध्य प्रदेश का प्रमुख हिल स्टेशन पचमढ़ी बुधवार को सबसे ठंडा शहर रहा। यहां पारा 23 डिग्री तक गिर गया। इसी दौरान कई अन्य शहरों का तापमान भी कम हुआ।

13:12 (IST) 6 Mar 2025
Aaj ka Mausam LIVE: बिहार के कई शहरों में चलेंगी हवाएं

मौसम विभाग के मुताबिक किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, बांका, भागलपुर और जमुई के आदि शहरों में तेज हवाएं चलती रहेंगी। इनकी रफ्तार 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है।

11:20 (IST) 6 Mar 2025
Aaj ka Mausam LIVE: पटना समेत 30 शहरों में तापमान में गिरावट

बुधवार को पटना समेत 30 शहरों में तापमान में गिरावट आई है। आने वाले दिनों में उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पूर्व क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना है। अगले 24 घंटों में पटना सहित कई जगहों पर 10-20 किमी/घंटा की सामान्य हवा और 30 किमी/घंटा की झोंकेदार हवा चलती रहेगी।

10:28 (IST) 6 Mar 2025
Aaj ka Mausam LIVE: 9 मार्च से हिमालयी क्षेत्र में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा

राजस्थान में 7 और 8 मार्च से पारा बढ़ेगा। उसके अगले दिन 9 मार्च से हिमालयी क्षेत्र में नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसको अब उत्तरी पाकिस्तान और पड़ोस के ऊपर औसत समुद्र तल से 3.1 किमी ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में देखा जाता है।

09:23 (IST) 6 Mar 2025
Aaj ka Mausam LIVE: राजस्थान के चित्तौड़गढ़ का अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस रहा

राजस्थान में चित्तौड़गढ़ का अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान सांगरिया में 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है।

07:45 (IST) 6 Mar 2025
Aaj ka Mausam LIVE: शुक्रवार से तापमान बढ़ने का अनुमान

दिल्ली में 7 मार्च से तापमान में बढ़ोतरी का अनुमान है, जिससे दिन में गर्मी का अहसास होने लगेगा। दिल्ली के अलावा कई अन्य राज्यों में भी तेज हवाओं से तापमान में गिरावट आई है। घाटी में बर्फबारी का दौर भी जारी है।

07:35 (IST) 6 Mar 2025
Aaj ka Mausam LIVE: बुधवार को दिल्ली में सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 70 प्रतिशत दर्ज

बुधवार को दिल्ली में सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 70 प्रतिशत दर्ज की गई, जिससे हल्की उमस बनी रही। अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, आगामी सप्ताह में राजधानी का मौसम शुष्क बना रहेगा और दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है।

07:31 (IST) 6 Mar 2025
Aaj ka Mausam LIVE: बुधवार को 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं हवाएं

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिनभर तेज हवाएं चलने से लोगों को हल्की ठंड का एहसास हो रहा है। बुधवार (5 मार्च) को 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।

14:18 (IST) 5 Mar 2025
Aaj ka Mausam LIVE: घाटी में तापमान में गिरावट जारी

जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी से तापमान में गिरावट जारी है। मौसम में सुधार नहीं होने से सैलानियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही आवागमन में भी बाधा हो रही है।

13:59 (IST) 5 Mar 2025
Aaj ka Mausam LIVE: हिमाचल प्रदेश में मौसम खुला, हिमस्खलन का खतरा बरकरार

हिमाचल प्रदेश में बारिश-बर्फबारी के बाद बुधवार को माैसम खुल गया है लेकिन जनजातीय क्षेत्रों में दुश्वारियां कम नहीं हुई हैं। कई इलाकों में हिमस्खलन का खतरा लगातार बना हुआ है।

13:52 (IST) 5 Mar 2025
Aaj ka Mausam LIVE: राजस्थान के फतेहपुर में तापमान 8 सेल्सियस तक गिरा

राजस्थान के चूरू, गंगानगर और हनुमानगढ़ में दिन का तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। राज्य के फतेहपुर में अधिकतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। फिलहाल वहां काफी ठंड जैसा माहौल है।

12:26 (IST) 5 Mar 2025
Aaj ka Mausam LIVE: राजस्थान में 7 मार्च के बाद ठंडी हवाओं से मिलेगी राहत

राजस्थान में तापमान में कमी आ रही है। हालांकि 7 मार्च के बाद हवाओं का असर कम होने की संभावना है। उसके बाद लोगों को थोड़ी राहत मिल सकती है।

12:14 (IST) 5 Mar 2025
Aaj ka Mausam LIVE: राजस्थान में चल रही हैं ठंडी हवाएं

उत्तर भारत में बर्फबारी के बाद राजस्थान में ठंडी हवाएं तेज हो गई हैं। प्रदेश के कई जिलों में पारा में भारी कमी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों तक तेज उत्तरी हवाएं चलेंगी, जिससे तापमान और नीचे जा सकता है।

10:23 (IST) 5 Mar 2025
Aaj ka Mausam LIVE: भोपाल में अधिकतम तापमान 31 डिग्री

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 31 डिग्री दर्ज किया गया है। सोमवार-मंगलवार की रात में न्यूनतम तापमान में 2.5 डिग्री की बढ़ोतरी देखी गई, जो 18.4 डिग्री रहा।

09:12 (IST) 5 Mar 2025
Aaj ka Mausam LIVE: मध्य प्रदेश में 24 घंटे के अंदर बदलेगा हवा का रुख

मध्य प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान मौसम का मिजाज ठंडा पड़ गया है। पहाड़ी राज्यों में हुई बर्फबारी का असर अब मैदानी इलाकों में भी नजर आने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक, लगातार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है, जिससे अगले तीन-चार दिनों तक सुबह और शाम गुलाबी ठंड का अहसास बना रहेगा। अगले 24 घंटे में हवा का रुख बदल सकता है और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट की संभावना है।

08:44 (IST) 5 Mar 2025
Aaj ka Mausam LIVE: बिहार के कई जिलों में होगी बारिश

बिहार के किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका और जमुई में बारिश हो सकती है। आईएमडी ने इसको लेकर चेतावनी जारी कीृ है।

07:53 (IST) 5 Mar 2025
Aaj ka Mausam LIVE: दिल्ली में बारिश की संभावना कम

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में दिल्ली में बारिश की संभावना कम है, लेकिन तेज धूप और गर्म हवाएं परेशानी बढ़ा सकती हैं। बढ़ते तापमान के कारण सुबह और शाम की ठंड धीरे-धीरे कम होती जाएगी, और दिन के समय गर्मी महसूस होने लगेगी।

07:40 (IST) 5 Mar 2025
Aaj ka Mausam LIVE: पश्चिमी विक्षोभ के कारण दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम

दिल्ली-एनसीआर में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण बीते कुछ दिनों से मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। हालांकि, हाल ही में हुई हल्की बारिश के बावजूद तापमान में ज्यादा गिरावट दर्ज नहीं की गई है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे दिन में गर्मी बढ़ सकती है।