Haryana Assembly Elections हरियाणा में कांग्रेस पार्टी और आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन हो पाएगा या नहीं, इस पर अभी कोई स्पष्टता नहीं है। इस बीच दिल्ली में आम आदमी पार्टी के बड़े नेताओं में गिने जाने सोमनाथ भारती की तरफ से बड़ा बयान दिया गया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस पार्टी के साथ जिस गठबंधन की बात हो रही, AAP को उसका मूल्यांकन करना चाहिए क्योंकि 2024 में लोकसभा चुनाव के दौरान दिल्ली में ऐसा ही गठबंधन किया गया था। उन्होंने आगे कहा कि AAP को हरियाणा की सभी 90 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहिए।

सोमनाथ भारती ने अपने X पोस्ट में कहा कि हरियाणा में कांग्रेस संग किसी भी गठबंधन से पहले AAP को दिल्ली में लोकसभा चुनाव के लिए हुए ऐसे ही समझौते का मूल्यांकन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक ओर दिल्ली में उनके नेता अरविंद केजरीवाल ने कांग्रेस पार्टी के तीनों प्रत्याशियों के लिए रोड किया और AAP के सीनियर नेताओं, दिल्ली सरकार के सीनियर मंत्रियों ने कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए वोट मांग वहीं दूसरी ओर आप प्रत्याशियों को दिल्ली कांग्रेस और लोकल नेताओं से समर्थन नहीं मिला।

उन्होंने कहा कि दिल्ली कांग्रेस चीफ सरदार अरविंदर सिंह लवली सहित कई कांग्रेस नेताओं ने बीच चुनाव में पार्टी छोड़ बीजेपी का दामन थाम लिया। सोमनाथ भारती ने आगे कहा कि अजय माकन जैसे सीनियर कांग्रेस नेताओं ने मिलने से इनकार कर दिया और मालवीय नगर में जितेंद्र कोच्चर जैसे नेताओं ने इस गठबंधन के खिलाफ प्रचार किया और पैसे के लिए बीजेपी नेताओं के खिलाफ वोट मांगे। हमारे संसदीय क्षेत्रों में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी या फिर मल्लिकार्जुन खड़गे का कोई भी कार्यक्रम नहीं हुआ ताकि कांग्रेस के वोट हमारे पक्ष में एकजुट किए जा सकें।

Haryana Election: BJP में क्यों हो रही इतनी बगावत? समझिए क्या जातियों को साधने में पिछड़ रही पार्टी

‘AAP कार्यकर्ता गठबंधन के पक्ष में नहीं’

सोमनाथ भारती ने आगे कहा कि आप के समर्थक इस तरह के बेमेल और स्वार्थी गठबंधन के पक्ष में नहीं हैं। आप को हरियाणा, पंजाब और दिल्ली में सभी सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा में बीजेपी खत्म होने के कगार पर है और कांग्रेस में बहुत ज्यादा अंदरूनी झगड़े हो रहे हैं। हरियाणा अरविंद केजरीवाल के गृह राज्य है, ऐसे में आप को यहां अपने दम पर सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ना चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि किसी को भी काल्पनिक शराब घोटाले को नहीं भूलना चाहिए, जिसने बीजेपी को हमारे नेताओं को पकड़ने का एक कारण दिया। उन्होंने इसके लिए अजय माकन को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि जब भी आम आदमी पार्टी को हराने की बात आती है तो भाजपा और कांग्रेस दोनों मिलकर काम करती हैं, चाहे खुलकर या फिर छिपकर।