पेपर लीक मामले में आम आदमी पार्टी की गुजरात इकाई के कार्यकर्ताओं की भाजपा मुख्यालय ‘कमलम’ में भगवा पार्टी के कार्यकर्ताओं से झड़प हो गई। इस दौरान कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांधीनगर पुलिस ने इतालिया सहित ‘आप’ के 20 से अधिक सदस्यों को हिरासत में लिया। घटना के दौरान पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठी चार्ज किया।

उधर, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने तस्वीरें पोस्ट कर आरोप लगाया है कि बीजेपी के गुंडों ने पुलिस के साथ मिलकर उनके वर्कर्स पर हमला किया। उनका कहना है कि गुजरात में आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं पर ये बर्बरतापूर्ण हमला बेहद निंदनीय है। जनता के हक की आवाज़ को ऐसे किसी लाठी-डंडों या तानाशाही से नहीं दबाया जा सकता। पार्टी के गुजरात प्रमुख गोपाल इतालिया के नेतृत्व में पार्टी वर्कर्स गुजरात भाजपा मुख्यालय में प्रदर्शन कर रहे थे।

पुलिस ने कहा कि इससे पहले कि पुलिस मौके पर पहुंचती व स्थिति को नियंत्रित करती भाजपा और आप कार्यकर्ताओं में हिंसक झड़प हो गई। इससे कई लोगों को सिर में चोट लग गई। उन्होंने यह नहीं बताया कि कितने लोग घायल हुए।

एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि आप नेता इसुदान गढ़वी पर भाजपा की कुछ महिला कार्यकर्ताओं ने शराब के नशे में उनके साथ दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया। गढ़वी को मेडिकल जांच के लिए गांधीनगर सिविल अस्पताल ले जाया गया। पुलिस का कहना है कि इतालिया, गढ़वी और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का फैसला विस्तृत जांच के बाद लिया जाएगा।

गुजरात ‘आप’ के फेसबुक पेज पर साझा किए गए एक वीडियो में इतालिया, गढ़वी और अन्य पार्टी कार्यकर्ता पेपर लीक की घटना को लेकर गांधीनगर के पास भाजपा मुख्यालय पर जबरन घुसते नजर आए। वे पेपर लीक मामले को लेकर गुजरात अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (जीएसएसएसबी) के अध्यक्ष असित वोरा के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। इसके बाद ही बीजेपी के लोगों से उनकी झड़प हुई। आप का कहना है कि पुलिस उनके साथ मिलकर आप वर्कर्स को पीटने में लगी थी।