Himachal Pradesh Election Dates 2022: हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को विधानसभा चुनाव होगा, जबकि नतीजे 8 दिसंबर को घोषित किये जाएंगे। इलेक्शन कमीशन ने 14 अक्टूबर को प्रेस कांफ्रेंस में तिथियों की घोषणा करते हुए कहा कि सूबे में सिर्फ एक चरण में चुनाव होगा। आयोग ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव में 80 साल से उपर के बुजुर्ग घर बैठे वोट दे सकेंगे। सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था रहेगी। सारी सीमाएं सील रहेंगी। फेक न्यूज और अफवाहों पर आयोग का खास ध्यान रहेगा।

इस साल चुनाव गुजरात में भी होने हैं, लेक‍िन 14 अक्‍टूबर को चुनाव आयोग ने गुजरात व‍िधानसभा चुनाव का कार्यक्रम नहीं बताया। माना जा रहा है क‍ि गुजरात व‍िधानसभा चुनाव के नतीजे भी 12 द‍िसंबर को ही आएंगे। जानकार मानते हैं क‍ि इसी वजह से ह‍िमाचल प्रदेश में मतदान और पर‍िणाम की तारीख में करीब एक महीने का अंतर है। ह‍िमाचल प्रदेश चुनाव कार्यक्रम से जुड़ी मुख्‍य चुनाव आयुक्‍त राजीव कुमार की घोषणाएं यहां पढ़ें और नीचे जानें ह‍िमाचल व गुजरात व‍िधानसभा चुनावों से जुड़ी दस बातें।

  1. हिमाचल प्रदेश में 2017 के चुनाव में कुल 68 सीटों में से बीजेपी ने 44 सीटें हासिल कर प्रचंड बहुमत से सरकार बनाई थी। हालांकि तब बीजेपी के सीएम पद के उम्मीदवार रहे प्रेम कुमार धूमल अपनी ही सीट हार गए थे।
  2. हिमाचल प्रदेश के पिछले चुनाव में कांग्रेस को 21 सीटें मिली थीं। 2017 के बाद से राज्य में सियासी स्थितियां काफी बदली हैं। ऐसे में इस बार का चुनाव और दिलचस्प होने वाला है।
  3. पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश में मौजूदा समय में भाजपा की सरकार है। ऐसे में बीजेपी इस चुनाव को जीतने की पूरी कोशिश में हैं। बता दें कि राज्य विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 8 जनवरी 2023 को समाप्त हो रहा है।
  4. हिमाचल प्रदेश में 53 लाख 76 हजार 77 रजिस्टर्ड वोटर्स हैं। राज्य के पिछले विधानसभा चुनाव में 75.28 प्रतिशत लोगों ने वोट डाला था।
  5. संभावना थी कि चुनाव आयोग गुजरात में चुनाव की तिथियों का भी ऐलान करेगा। हालांकि ऐसा नहीं हुआ। राज्य में विधानसभा का कार्यकाल इसी साल दिसंबर में खत्म हो रहा है।
  6. गुजरात में विधानसभा की कुल 182 सीटें हैं। साल 2017 में हुए चुनाव में बीजेपी ने 99 सीटों पर जीत दर्ज की थी। जबकि कांग्रेस दूसरी सबसे बड़ी पार्टी के तौर पर उभरी थी और 77 सीटें अपने नाम की थी। 6 सीटें अन्य के खाते में गई थीं। गुजरात चुनाव के कार्यक्रम भले घोष‍ित नहीं हुए हों, लेक‍िन पार्ट‍ियां काफी पहले से इसकी तैयारी शुरू कर चुकी हैं। बीजेपी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अम‍ित शाह तक राज्‍य का दौरा कर चुके हैं। आम आदमी पार्टी के मुख‍िया अरव‍िंंद केजरीवाल और उनके वर‍िष्‍ठ सहयोगी लगातार गुजरात जाते रहे हैं। कांग्रेस भी कह रही है क‍ि उसके नेता वहां लगातार कैंप कर रहे हैं।
  7. गुजरात में अभी 4 करोड़ 35 लाख 46 हजार 956 पंजीकृत मतदाता हैं। 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में 69.01 प्रतिशत मतदान हुआ था। राज्य की 182 विधानसभा सीटों में 13 सीटें अनुसुचित जाति, 27 सीटें अनुसूचित जनजात‍ि के लिए रिजर्व हैं।
  8. इस बार आम आदमी पार्टी (AAP) की एंट्री के बाद गुजरात विधानसभा चुनाव और दिलचस्प होने की संभावना है। पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल, डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया समेत पार्टी के तमाम नेता लगातार गुजरात में सभाएं कर रहे हैं।
  9. आपको बता दें कि AAP ने पंजाब के पिछले चुनाव में बड़ा उलटफेर करते हुए सत्ता हासिल कर ली थी। पंजाब के नतीजों के बाद से ही पार्टी गुजरात को लेकर काफी आशान्वित है।
  10. हालांकि हाल के दिनों में AAP गुजरात के अध्यक्ष गोपाल इटालिया के कई बयान पार्टी के लिए सिरदर्द भी बने। जिसमें से एक बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़ा था। इस मसले पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने गोपाल को समन भी जारी किया और पूछताछ की। उन्‍हें पुल‍िस ने ह‍िरासत में भी ल‍िया। हालांक‍ि, कुछ ही देर बाद वह छूट गए थे।