कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर रंगभेदी टिप्पणी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा फटकार लगाए जाने के बाद केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह रो पड़े। ख़बर है कि मोदी ने इस संबंध में सिंह से स्पष्टीकरण भी मांगा है। हालांकि गिरिराज सिंह ने उनके रोने की ख़बरों का खंडन करते हुए पूछा कि क्या किसी ने मुझे रोते हुए देखा है।

ख़बरों की मानें तो भाजपा सांसदों के साथ आज हुई बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने गिरिराज सिंह को सोनिया गांधी पर उनकी विवादित टिप्पणी के लिए कड़े शब्द कहे। इतना ही नहीं मोदी ने उन्हें भविष्य में इस तरह के बयानों से बचने की सलाह भी दी।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बैठक के बाद गिरिराज सिंह संसद गलियारे में रोते नज़र आए। जबकि केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री स्म-ति ईरानी उन्हें सांत्वना देती देखी गईं।

वहीं दूसरी ओर गिरिराज सिंह ने इन सभी बातों का खंडन किया है। उन्होंने कहा, “मैं नहीं रोया, ना ही बैठक में और न बैठक के बाद, क्या मीडिया महाभारत का संजय है।”

ग़ौरतलब है कि सोमवार को लोकसभा में कांग्रेस सदस्यों के भारी विरोध के कारण केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ की गई नस्ली टिप्पणी पर खेद प्रकट करना पड़ा था।