Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025 Voting : दिल्ली में बुधवार को विधानसभा चुनाव में 60 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हुआ। मतदान के दौरान हालांकि आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एक दूसरे पर पर पैसे बांटने और फर्जी मतदान सहित गड़बड़ी के आरोप लगाए। इस चुनाव में 2020 के विधानसभा चुनाव के आसपास ही मतदान हुआ है। पिछली बार 62.59 प्रतिशत मतदान हुआ था। पिछले चुनाव में अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी ने 70 में से 62 सीट जीती थीं, जबकि भाजपा को आठ और कांग्रेस को शून्य सीट मिली थी। वोटिंग खत्म होने के तुरंत बाद एग्जिट पोल के नतीजे आने शुरू हो गए, जिनमें से कई में सत्तारूढ़ आप पर भाजपा की जीत का अनुमान लगाया गया है, जबकि कांग्रेस को एक बार फिर हारते हुए दिखाया गया है। वोटर टर्नआउट ऐप को रात 10 बजकर 50 मिनट पर दिए गए आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में 60.10 प्रतिशत मतदान हुआ। दिल्ली में कुल 1.56 करोड़ मतदाता हैं।
Delhi Assembly Election/Chunav Exit Poll Result 2025: Check Here
Delhi Election Result Date 2025: कब घोषित किए जाएंगे दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणाम?
दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणाम आठ फरवरी को घोषित किए जाएंगे। साल 2020 में हुए दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 62 विधानसभा सीटों पर जीत हासिल की थी जबकि बीजेपी आठ सीटों से संतोष करना पड़ा था। कांग्रेस पार्टी के लिए दिल्ली का यह लगातार दूसरा ऐसा विधानसभा चुनाव था, जब वह खाता भी न खोल सकी।
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 वोटिंग LIVE: टर्न आउट अप के अनुसार, बुराड़ी में 56.16%, चांदनी चौक में 52.76%, छतरपुर में 60.53%, दिल्ली कैंट में 57%, देवली में 56.58%, द्वारका में 59.39%, गांधीनगर में 58.41%, घोंडा में 58.3% और गोकुलपुर में 65.04% वोट डाले गए।
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 वोटिंग LIVE: राजधानी दिल्ली में शाम 5:00 बजे तक 57.70% वोट डाले गए। बात अगर जिले के हिसाब से करें तो मध्य दिल्ली में 55.24%, पूर्वी दिल्ली में 58.98%, नई दिल्ली में 54.37%, उत्तरी दिल्ली में 57.24%, उत्तर पूर्वी दिल्ली में 63.83%, उत्तर पश्चिमी दिल्ली में 58.05%, शाहदरा में 61.35%, साउथ दिल्ली में 55.72%, साउथ ईस्ट दिल्ली में 53.7%, साउथ वेस्ट दिल्ली में 58.86%, और वेस्ट दिल्ली में 57.42% वोट डाले गए।
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 वोटिंग LIVE: दिल्ली पुलिस ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान सुचारू और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए कई कदम उठाए और बिना किसी बड़ी घटना के अपराह्न तीन बजे तक 46.55 प्रतिशत मतदान हुआ। विशेष पुलिस आयुक्त (एसपीएन-विधानसभा चुनाव) देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने पुलिस मुख्यालय में एक प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि सभी पुलिस अधिकारी क्षेत्र में तैनात थे और आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि जहां भी आवश्यक हुआ, कानूनी कार्रवाई की
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 वोटिंग LIVE: दिल्ली में दोपहर 3:00 तक 46.55% वोट डाले जा चुके हैं। टर्न आउट अप के अनुसार, सेंट्रल दिल्ली में 43.45%, पूर्वी दिल्ली में 47.09%, नई दिल्ली में 43.10%, नॉर्थ दिल्ली में 46.31%, उत्तर पूर्वी दिल्ली में 52.73%, नॉर्थ वेस्ट दिल्ली में 46.81%, शाहदरा में 49.58%, साउथ दिल्ली में 44.89%, साउथ ईस्ट दिल्ली में 43.91%, साउथ वेस्ट दिल्ली में 48.32% और वेस्ट दिल्ली में 45.06% वोट डाले जा चुके हैं
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 वोटिंग LIVE: सीलमपुर से कांग्रेस उम्मीदवार अब्दुल रहमान ने कहा - "लोग सरकार के खिलाफ वोट कर रहे हैं। 70 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ है और यह 80 प्रतिशत से अधिक होने की संभावना है।"
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 वोटिंग LIVE: साउथ ईस्ट दिल्ली के डीसीपी रवि कुमार सिंह ने कहा कि हमें जंगपुरा से शिकायत मिली थी कि वहां बीजेपी की चार टेबल हैं और कैश बांटा जा रहा है। हमने वहां जाकर देखा कि वहां चार टेबल लगी हुई थीं, जिनमें से तीन टेबल अलग-अलग उम्मीदवारों की थीं। इसमें टेबल दो पार्टियों की थी। क्योंकि उनके टेबलक्लॉथ एक जैसे थे, इसलिए यह भ्रम पैदा हुआ कि शायद चारों टेबल बीजेपी की हैं। एफएसटी टीम ने भी इसका जवाब दिया है और आरोप की पुष्टि भी की गई है, इस तरह की कोई बात नहीं मिली। इसलिए भ्रम दूर हो गया है। स्थिति भी बिल्कुल सामान्य है और हमारी एक टीम वहां मौजूद है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 वोटिंग LIVE: दिल्ली में दोपहर 3 बजे तक 46.55 फीसदी मतदान हुआ है। इसमें सबसे अधिक गोकुलपुर में 52.96 फीसदी मतदान हुआ है।
बाबरपुर - 51.75
बादली - 49.57
छतरपुर - 50.08
जनकपुरी - 47.02
कालकाजी - 41.17
करावल नगर - 52.17
मालवीय नगर - 41.77
नई दिल्ली - 44.83
सीलमपुर - 54.29
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 वोटिंग LIVE: सीलमपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार अनिल गौड़ ने कहा कि इस क्षेत्र से आप और कांग्रेस के उम्मीदवारों द्वारा उत्तर प्रदेश के लोनी से 300-400 फर्जी मतदाता लाए गए हैं। ऐसी गलत चीजें नहीं होनी चाहिए। ये लोग गलत काम करके विधायक बने हैं। इस क्षेत्र से आप और कांग्रेस के उम्मीदवारों ने इस क्षेत्र को बदनाम किया है। इस क्षेत्र में सड़कों और सीवेज की हालत बहुत खराब है। मैंने पुलिस को फर्जी मतदाताओं बारे में सूचित कर दिया है, उनके पहचान पत्रों की जांच होनी चाहिए। उसके बाद ही उन्हें वोट देने की इजाजत दी जानी चाहिए।
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 वोटिंग LIVE: दिल्ली के विधानसभा चुनाव पर केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि दिल्ली में मतदान जारी है। शाम तक प्रतिशत और बढ़ेगा। लोग AAP और अरविंद केजरीवाल के खिलाफ हैं। उन्होंने लोगों को धोखा दिया है, इसलिए AAP को हटाना होगा और भाजपा को सत्ता में आना चाहिए। पीएम मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। हमें यकीन है कि दिल्ली में भाजपा जीतेगी।
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 वोटिंग LIVE: दिल्ली के विधानसभा चुनाव के दौरान शिवसेना (UBT) नेता संजय राउत ने कहा कि अरविंद केजरीवाल को उनके काम के लिए दिल्ली विधानसभा चुनाव में जीतना चाहिए। बीजेपी हर जगह पैसा बांट रही है। यह चुनाव नहीं बल्कि बीजेपी द्वारा खेला जा रहा पैसे का खेल है। हमें उम्मीद है कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी जीतेगी।
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 वोटिंग LIVE: दिल्ली में दोपहर 1 बजे तक 33.33 फीसदी मतदान हुआ है। इसमें करोल बाग और चांदनी चौक इलाकों में कम मतदान देखने को मिला है।
कालकाजी - 28.75 फीसदी
नई दिल्ली - 30.86 फीसदी
चांदनी चौक - 25.79 फीसदी
ग्रेटर कैलाश - 29.16 फीसदी
आर के पुरम - 28.63 फीसदी
करोल बाग - 25.01 फीसदी
राजेन्द्र नगर - 30.28 फीसदी
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 वोटिंग LIVE: आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार सौरभ भारद्वाज ने पुलिस पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पुलिस लोगों को वोट डालने से रोक रही है। लोगों को पास पोलिंग बूथ के पास जाने से रोका जा रहा है। दिल्ली पुलिस के डीसीपी अंकित चौहान ने कहा कि पुलिस चुनाव आयोग के नियम के हिसाब से काम कर रही है। सिर्फ उन्हीं लोगों को गाड़ी ले जाने की इजाजत दी जा रही है तो बुजुर्ग हैं या उन्हें पोलिंग बूथ तक जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा हो।
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 वोटिंग LIVE: पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान किया। उन्होंने कहा कि यह दिल्ली के लोगों के लिए लोकतंत्र का उत्सव है और मैं हर मतदाता से अपना वोट डालने की अपील करना चाहूंगा। यह हमारा संवैधानिक अधिकार और नैतिक जिम्मेदारी है। अपने वोट के माध्यम से हम अपनी पसंद का प्रतिनिधि चुन सकते हैं और अपनी पसंद की सरकार बना सकते हैं। इसलिए मैं हर मतदाता से वोट करने का आग्रह करता हूं।
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 वोटिंग LIVE: दिल्ली के सीलमपुर इलाके में बुर्के को लेकर बवाल मचा हुआ है। बीजेपी ने आम आदमी पार्टी पर बुर्के में फर्जी वोटिंग का आरोप लगाया है। पोलिंग बूथ के बाहर भारी संख्या में लोग मौजूद हैं।
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 वोटिंग LIVE: दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के शकूरबस्ती से उम्मीदवार सत्येंद्र जैन ने मतदान किया। उन्होंने दिल्लीवासियों से भारी संख्या में मतदान की अपील भी की।
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 वोटिंग LIVE: दिल्ली में जैसे-जैसे दिन चढ़ रहा है वैसे मतदान का प्रतिशत भी बढ़ने लगा है। दिल्ली के मुबारकपुर, मुस्तफाबाद, संगम विहार और सीलमपुर में सबसे ज्यादा वोटिंग दर्ज की जा रही है।
कुल कितना हुआ मतदान
सुबह 11 बजे तक दिल्ली में 19.59% मतदान हुआ है।
किस सीट पर कितना मतदान
मुस्तफाबाद - 26.33 फीसदी
सीलमपुर - 24 फीसदी
गोकुलपुरी - 24 फीसदी
संगम विहार - 24 फीसदी
जंगपुरा - 18.13 फीसदी
नई दिल्ली: 17.4% फीसदी
कालकाजी - 16.28 फीसदी
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 वोटिंग LIVE: कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा वोट डालने पहुंचीं हैं। उनसे साथ पति रॉबर्ट वाड्रा और बेटा रेहान भी मौजूद हैं। लोधी ईस्टेट स्थित मतदान केंद्र पर उन्होंने वोट डाला है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 वोटिंग LIVE: दिल्ली विधानसभा चुनाव में मतदान करने के बाद पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त सुशील चंद्रा ने कहा कि वोटिंग के लिए व्यवस्था अच्छी है। मतदान केंद्रों पर हर बुनियादी सुविधा उपलब्ध है। चुनाव आयोग हर बूथ को एक आदर्श बूथ बनाने की कोशिश कर रहा है। मैं दिल्ली के सभी मतदाताओं से अपने मताधिकार का उपयोग करने की अपील करता हूं क्योंकि यह लोकतंत्र के लिए एक महत्वपूर्ण दिन है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 वोटिंग LIVE: दिल्ली के खजूरी खास इलाके में मतदाताओं की लंबी कतार लगी हुई है। सुबह से ही लोग वोट देने के लिए लाइन में लगे हुए हैं।

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 वोटिंग LIVE: सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीन जस्टिस संजीव खन्ना ने मतदान किया। उन्होंने निर्माण भवन में बने पोलिंग बूथ में वोट डाला।
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 वोटिंग LIVE: कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने निजामुद्दीन ईस्ट स्थित कविराज खजान चंद क्वेटा डीएवी स्कूल में मदतान किया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर लोगों से मतदान की अपील भी की।
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 वोटिंग LIVE: दिल्ली में पहले 2 घंटे के दौरान धीमा मतदान देखने को मिला है। सुबह 9 बजे तक मुस्ताफाबाद विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक वोटिंग देखने को मिली है। यहां से असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM ने दिल्ली दंगों के आरोपी ताहिर हुसैन को टिकट दिया है।
सुबह 9 बजे तक कहां कितना मतदान
- मुस्तफाबाद - 12.17 फीसदी
- चांदनी चौक - 4.53% फीसदी
- करोल बाग - 4.49% फीसदी
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 वोटिंग LIVE: दिल्ली के विधानसभा चुनाव के बीच उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने मतदान किया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में आकर मतदान करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि इस बार दिल्ली के लोगों को वोटिंग का रिकॉर्ड बनाना चाहिए।
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 वोटिंग LIVE: दिल्ली की मुख्यमंत्री और कालकाजी सीट से आप उम्मीदवार आतिशी कालकाजी मंदिर पहुंचीं। यहां उन्होंने पूजा अर्चना की। इस सीट से कांग्रेस ने अलका लांबा और बीजेपी ने रमेश बिधूड़ी को चुनाव मैदान में उतारा है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 वोटिंग LIVE: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान किया। वह सुबह करीब 8.45 पर प्रेजीडेंट ईस्टेट स्थित केंद्रीय विद्यालय पहुंचीं। यहां उन्होंने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 वोटिंग LIVE: गांधीनगर से बीजेपी के प्रत्याशी अरविंदर सिंह लवली ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मीडिया से बातचीत में कहा कि दिल्ली कई बुनियादी समस्याओं से जूझ रही है; यमुना की हालत इतनी खराब है कि सुप्रीम कोर्ट को हस्तक्षेप करना पड़ा है। हम जिस हवा में सांस लेते हैं वह बहुत प्रदूषित है। अब इस सरकार से छुटकारा पाने का समय आ गया है और दिल्ली को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में एक ऐसी सरकार की जरूरत है जो लोगों के लिए काम करे।
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 वोटिंग LIVE: बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा, "आज दिल्ली में लोकतंत्र का उत्सव है और मैं दिल्ली के मतदाताओं से अपील करूंगी कि वे बड़ी संख्या में बाहर आएं और अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग करें, ताकि दिल्ली विकसित राष्ट्र की विकसित राजधानी बन सके। आप देखेंगे कि 8 फरवरी को केवल कमल (भाजपा का चुनाव चिन्ह) ही खिलेगा।"
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 वोटिंग LIVE: राबर्ट वाड्रा ने वोट डालने से पहले अरविंद केजरीवाल पर बड़ा प्रहार किया है। उन्होंने कहा - "अगर बदलाव चाहिए तो सबको बाहर निकलकर वोट देना चाहिए। माहौल में प्रगति दिखनी चाहिए। जो लोग अपने 'शीश महल' में बैठकर आम आदमी की तरह होने का दिखावा करते हैं, असल में वे उनमें से नहीं हैं। उन्होंने दिल्ली में बहुत गलत तरीके से शासन किया है, जिसकी वजह से उन्हें जेल भी जाना पड़ा। कांग्रेस नेताओं ने हमेशा लोगों को समझा है और केवल कांग्रेस ही दिल्ली को बेहतर बना सकती है।"
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 वोटिंग LIVE: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने डाला वोट