दिल्ली शराब घोटाला मामले (Delhi Liquor Policy Case) में ईडी ने राज्यसभा सांसद और आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह को लंबी पूछताछ के बाद बुधवार की शाम को गिरफ्तार कर लिया। ED ने संजय सिंह से 10 घंटे से ज्यादा पूछताछ की और उसके बाद गिरफ्तार कर लिया। संजय सिंह को गुरुवार को राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां ईडी अदालत को यह बताएगी कि पूछताछ के दौरान संजय सिंह ने सहयोग नहीं किया। यही वजह है कि उन्हें गिरफ्तार किया गया है। माना जा रहा है कि ED संजय सिंह की रिमांड की मांग करेगी।
सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय जांच एजेंसी के पास सवालों की एक लंबी लिस्ट है, जिनके जवाब संजय सिंह से लिए जाने हैं। उन्हीं सवालों का हवाला देकर ED आप नेता की रिमांड की मांग करेगी। गौरतलब है कि दिल्ली आबकारी नीति 2021-22 में भ्रष्टाचार के सिलसिले में संजय सिंह गिरफ्तार होने वाले दूसरे बड़े नेता हैं। इससे पहले इसी मामले में दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया गिरफ्तार हो चुके हैं, जो फिलहाल जेल में बंद हैं।
संजय सिंह के घर से कुछ नहीं मिला- आतिशी
गुरुवार को दिल्ली की मंत्री आतिशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा, “मैं BJP, उनके प्रवक्ता और उनकी एजेंसियों को चुनौती देती हूं कि कोई भी प्रमाण रखें और बताएं एक रुपया भी जो संजय सिंह के घर से मिला हो, जिसके आधार पर उन्हें गिरफ्तार किया गया। वे बताएं कि उन्हें संजय सिंह के घर से कितने सोने के बिस्किट, कितनी नकदी मिली? उन्हें संजय सिंह के घर से कुछ नहीं मिला।”
ED ने संजय सिंह का नाम 4 जगहों पर डाला था- संबित पात्रा
वहीं, दिल्ली एक्साइज पॉलिसी मामले पर भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा, ”2022 में दिल्ली शराब घोटाले में CBI ने केस दर्ज किया था। इस घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग की गई थी, इसलिए ED ने भी केस दर्ज़ किया था। मनीष सिसोदिया और मामले से जुड़े कुछ अधिकारी, कुछ कारोबारी जेल में गए। गिरफ्तार किए गए कारोबारियों में से एक का नाम दिनेश अरोड़ा है, जिसने कहा कि वे सरकारी गवाह बनेंगे। सरकारी गवाह बनकर उन्होंने कई बड़ी बातों का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 2020 में संजय सिंह की उनसे मुलाकात हुई थी।”
बीजेपी नेता ने कहा कि दिनेश अरोड़ा दिल्ली में रेस्टोरेंट चलाते हैं, संजय सिंह ने उनसे कहा था कि चुनाव नजदीक आ रहे हैं और उन्हें मोटा पैसा इकट्ठा करना है। दिनेश अरोड़ा ने मोटा पैसा इकट्ठा किया। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि संजय सिंह ने दिनेश अरोड़ा को मनीष सिसोदिया से भी मिलवाया। दिनेश अरोड़ा खुद स्वीकार करते हैं कि मोटा पैसा इकट्ठा करने के बदले उत्पाद शुल्क विभाग में उनका कुछ मामला फंसा हुआ था जिसमें उनकी मदद की गई। उन्होंने कहा, “ED ने आरोप पत्र में संजय सिंह का नाम दर्ज़ किया। AAP नेताओं ने कहा कि उनका नाम गलती से आरोप पत्र में था। वास्तव में ED ने संजय सिंह का नाम 4 जगहों पर डाला था, जिसमें से 3 जगह सही था एक जगह ED से टाइपो में गलती हुई थी।”
हम कट्टर ईमानदार हैं इसलिए समस्याएं पैदा हो रहीं- सीएम केजरीवाल
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह की गिरफ्तारी विपक्षी गठबंधन INDIA को लेकर भारतीय जनता पार्टी की हताशा का नतीजा है। आप सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद केजरीवाल, सोमनाथ भारती, आतिशी, सौरभ भारद्वाज और दिल्ली की महापौर शैली ओबेरॉय सहित पार्टी कई अन्य नेता उनके आवास पहुंचे। सीएम केजरीवाल ने बाद में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी एक कट्टर ईमानदार पार्टी है।