Delhi AAP Government Formation, Delhi Election Result 2020 Highlights: चुनावी हार के बाद दिल्ली BJP चीफ मनोज तिवारी ने साफ किया है कि न तो उन्होंने पद से इस्तीफे की पेशकश की और न ही उनसे हटने के लिए कहा गया। बुधवार को ये बात उन्होंने पत्रकारों से उन खबरों के बाद कही, जिनमें सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा था कि तिवारी ने इस्तीफे की पेशकश कर दी है। और, पार्टी ने उनकी इस पेशकश को ठुकराते हुए पद पर बने रहने के लिए कहा है।

बता दें कि AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल 16 फरवरी को तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। ABP न्यूज पर एक पार्टी प्रवक्ता ने साफ किया कि उनकी नई कैबिनेट में कोई फेरबदल नहीं होगा। इससे पहले, दिल्ली में नवनिर्वाचित विधायक मनीष सिसोदिया ने चुनावी नतीजों के बाद बुधवार को ‘धन्यवाद रोडशो’ निकाला।

पटपड़गंज विधानसभा क्षेत्र में यह धन्यवाद ज्ञापन संबंधी रोडशो जवाहर मोहल्ले में निकला, जिसमें वह जनता को शुक्रिया अदा करते नजर आए। उन्होंने इस दौरान कहा, “मैंने यहां पिछले पांच साल में सड़कें और सीवर बनवाए। मैं आगे भी समाज कल्याण के लिए काम करता रहूंगा।”

Live Blog

Highlights

    17:39 (IST)12 Feb 2020
    नवनिर्वाचित MLA से मिले मनोज तिवारी

    उधर, दिल्ली चुनाव नतीजों के बाद बुधवार को नवनिर्वाचित पार्टी विधायकों से दिल्ली BJP चीफ मनोज तिवारी ने मुलाकात की। बता दें कि दिल्ली में जीत की हैट्रिक लगाने वाले AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल 16 फरवरी को तीसरी बार दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। यह पुष्टि पार्टी के सीनियर नेता मनीष सिसोदिया ने की है।

    सिसोदिया ने कहा कि केजरीवाल 16 फरवरी को रामलीला मैदान में एक भव्य समारोह में दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। यहां आम जनता को भी आने की अनुमति होगी। उन्होंने कहा कि कैबिनेट के सभी मंत्री भी केजरीवाल के साथ वहीं शपथ लेंगे। इससे पहले केजरीवाल को विधायक दल का नेता चुना।

    15:46 (IST)12 Feb 2020
    Delhi Elections: हारे 4 पूर्व महापौर, निगम नेता

    दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा द्वारा उतारे गये सभी चार पूर्व महापौरों को आम आदमी पार्टी (आप) के हाथों का हार का सामना करना पड़ा है। ये पूर्व महापौर अपने विधानसभा क्षेत्रों में दूसरे स्थान पर रहे हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणामों की घोषणा मंगलवार को की गई, जिसमें कुल 70 सीटों में से आप को 62 सीटों पर जीत मिली है।

    नगर निगम के नेताओं पर बड़ा दांव लगाते हुए भाजपा ने चार पूर्व महापौरों, इतने ही पूर्व उपमहापौरों, कई अन्य मौजूदा और पूर्व पार्षदों को चुनाव मैदान में उतारा था। दिल्ली चुनाव में मुख्य मुकाबला आप और भाजपा के बीच था।

    चार पूर्व महापौरों आजाद सिंह, रवीन्द्र गुप्ता, योगेंद्र चंदोलिया और खुशी राम को आप उम्मीदवारों से हार का सामना करना पड़ा। दिल्ली में सभी तीन नगर निगमों उत्तरी, दक्षिणी और पूर्वी में भाजपा का नियंत्रण है।

    15:30 (IST)12 Feb 2020
    आधिकारिक आवास पर विधायकों से मुलाकात की

    मंगलवार को प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज करने वाले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सिविल लाइंस में अपने आधिकारिक आवास पर विधायकों से मुलाकात की और इस दौरान उन्हें विधायक दल का नेता चुना गया। पार्टी ने दिल्ली विधानसभा की कुल 70 में से 62 सीटों पर जीत दर्ज की।

    14:25 (IST)12 Feb 2020
    सिसोदिया ने की शपथ ग्रहण समारोह की पुष्टि

    आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने कहा कि केजरीवाल 16 फरवरी को रामलीला मैदान में एक भव्य समारोह में दिल्ली के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। यहां आम जनता को भी आने की अनुमति होगी। उन्होंने कहा कि कैबिनेट के सभी मंत्री भी केजरीवाल के साथ वहीं शपथ लेंगे। दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों पर हुए चुनाव में आप ने 62 और भाजपा ने आठ सीटें हासिल की हैं।

    13:06 (IST)12 Feb 2020
    महिला मंत्री की एंट्री भी जरूर होगी

    आरके पुरम से चुनाव जीतीं प्रमिला टोकस का कहना है कि इस बार कैबिनेट में महिला मंत्री की एंट्री भी जरूर होगी। दूसरी ओर अंबेडकरनगर से AAP विधायक अजय दत्त ने कहा है कि मुख्यमंत्री केजरीवाल अब दिल्ली को संभालेंगे, लेकिन हम चाहते हैं कि वो देश के प्रधानमंत्री बनें।

    12:50 (IST)12 Feb 2020
    विधायक दल का नेता चुना गया

    विधायक दल की बैठक में अरविंद केजरीवाल को नेता चुन लिया गया है। बैठक में मनीष सिसोदिया ने अरविंद केजरीवाल को मुख्यमंत्री बनाए जाने का प्रस्ताव रखा।

    12:42 (IST)12 Feb 2020
    इन मुद्दों की वजह से जीते चुनाव

    दिल्ली के लोगों ने केजरीवाल के बिजली, पानी, शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए गए कामों और महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा के फैसले को भरपूर समर्थन दिया है। यही वजह है कि आप अपना जनाधार बरकरार रखने में कामयाब रही।

    12:21 (IST)12 Feb 2020
    नवनिर्वाचित विधायकों के साथ भी बैठक करेंगे

    केजरीवाल आम आदमी पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों के साथ भी बैठक करेंगे। पार्टी के नवनिर्वाचित विधायक केजरीवाल को विधायक दल का नेता चुनेंगे जिसके बाद वह सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।

    12:00 (IST)12 Feb 2020
    उपराज्यपाल अनिल बैजल से मुलाकात की

    केजरीवाल ने बुधवार को राज निवास में उपराज्यपाल अनिल बैजल से मुलाकात की। यह बैठक करीब 15 मिनट तक चली। सूत्रों ने बताया कि दोनों ने शपथ ग्रहण समारोह पर चर्चा की, जो इस सप्ताहांत तक आयोजित किया जा सकता है। प्रक्रिया के तहत एक बार फिर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के लिए केजरीवाल अपना इस्तीफा भी दे सकते हैं।

    11:49 (IST)12 Feb 2020
    "आई लव यू" कहा केजरीवाल ने

    विधानसभा चुनावों में शानदार जीत दर्ज करने के बाद अरविंद केजरीवाल ने रोड शो किया। उन्होंने दिल्लीवालों का धन्यवाद किया और कहा, "दिल्लीवालों ने गजब कर दिया।" उन्होंने मंच से कहा, "आई लव यू " केजरीवाल ने यह भी कहा कि दिल्ली चुनाव के नतीजों से "काम की राजनीति" पैदा हुई है।

    11:38 (IST)12 Feb 2020
    विधायक भी मंत्रिपद की शपथ ले सकते हैं

    रविवार को केजरीवाल के साथ कई विधायक भी मंत्रिपद की शपथ ले सकते हैं। अभी ये साफ नहीं है कि समारोह में किन-किन हस्तियों को न्योता भेजा जाएगा।