Delhi CM Oath Ceremony: दिल्ली में मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान होने के साथ ही नई सरकार के शपथग्रहण की तैयारियों तेज हो गई है। आज दोपहर 12 बजे दिल्ली के रामलीला मैदान में शपथग्रहण समारोह आयोजित किया गया है। इसमें रेखा गुप्ता मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। सूत्रों का कहना है कि उनके साथ 6 विधायक भी मंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। रामलीला मैदान पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बीजेपी ने सभी वर्गों को साधने के हिसाब से मंत्रियों का चयन किया गया है। इसके साथ ही विधानसभा अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के लिए भी पार्टी आलाकमान ने नाम तय कर दिए हैं।
दिल्ली के मुख्यमंत्री चयन में बीजेपी ने महिला और वैश्य फैक्टर को ध्यान में रखा है। मंत्रिमंडल के गठन में पूर्वांचल, पंजाबी, ब्राह्मण और दलित चेहरों को ध्यान में रखा जाएगा। पार्टी सूत्रों के मुताबिक,आलाकमान ने सीएम का नाम तय करने के साथ ही मंत्रियों के नामों का चयन भी कर लिया है, लेकिन अभी उनकी घोषणा नहीं की गई है। सूत्रों के मुताबिक, दिल्ली में आज रेखा गुप्ता के साथ छह मंत्री भी शपथ लेंगे।
कई बड़े चेहरे होंगे शामिल
इस विशाल कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अलावा गृहमंत्री अमित शाह और कई केंद्रीय मंत्री समेत 20 राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री, दिल्ली चुनाव में प्रचार करने वाले अन्य राज्यों के भाजपा नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। 50 से ज़्यादा फ़िल्मी सितारे और उद्योगपति मौजूद रहेंगे। सूत्रों के मुताबिक शपथ ग्रहण समारोह से पहले रंगारंग संगीत कार्यक्रम होगा, जिसमें कैलाश खेर प्रस्तुति देंगे। प्रमुख देशों के राजनयिकों को भी आमंत्रित किया गया है। देश के आध्यात्मिक नेताओं का प्रतिनिधित्व बाबा रामदेव, स्वामी चिदानंद, बाबा बागेश्वर धीरेंद्र शास्त्री और अन्य धार्मिक हस्तियां करेंगी।
कौन हैं रेखा गुप्ता? होंगी दिल्ली की नई मुख्यमंत्री, ABVP से की थी राजनीतिक करियर की शुरुआत
आम लोगों में दिल्ली के किसान, लाडली बहन समेत केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थी और आम लोगों को भी समारोह में आमंत्रित किया गया है। सूत्रों के अनुसार उनकी परिषद में छह सदस्य होंगे। जिन नामों की चर्चा चल रही है उनमें मनजिंदर सिरसा, आशीष सूद, पंकज कुमार सिंह, रविंदर सिंह इंद्राज, कपिल मिश्रा और प्रवेश वर्मा शामिल हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय नेतृत्व ने सभी समीकरणों को ध्यान में रखकर मंत्रिमंडल के नाम तय कर लिए हैं, लेकिन अभी मंत्री बनने वालों को भी सूचना नहीं दी गई हैं। इनका खुलासा शपथ ग्रहण से पहले किया जाएगा।
मंत्रिमंडल गठन में सामाजिक समीकरणों के साथ-साथ दावेदारी की छवि और संगठन के प्रति समर्पण को भी ध्यान में रखा गया है। बाहर से आए ज्यादा लोगों को इसमें तरजीह नहीं मिलेगी। बीजेपी ने 48 विधानसभा सीटें जीतकर सरकार बनाई है। ऐसे में पार्टी संगठन से जुड़े ऐसे नेताओं को आगे बढ़ाने के पक्ष में है, जिससे दिल्ली के साथ-साथ दूसरे राज्यों में भी पार्टी को लाभ हो।
सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद वह दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी। शपथ लेने पर वह ममता बनर्जी के साथ देश की दूसरी मौजूदा महिला मुख्यमंत्री होंगी। साथ ही, वह वर्तमान में बीजेपी शासित राज्यों में एकमात्र महिला मुख्यमंत्री होंगी। बीजेपी सरकार में उपमुख्यमंत्री होगा या नहीं, इस बारे में पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि दिल्ली मंत्रिमंडल में सभी समुदायों को प्रतिनिधित्व दिया जाएगा।
रेखा गुप्ता ने पहली बार विधानसभा का चुनाव जीता है। वह शालीमार बाग सीट से विधायक चुनी गई हैं। उन्होंने विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार वंदना कुमारी को 29,595 वोटों के बड़े अंतर से मात दी है।