Delhi Election/Chunav Results 2020: दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना जारी है। शुरुआती रूझानों में दिल्ली की सत्ता पर एक बार फिर से आम आदमी पार्टी की वापसी होती दिख रही है। साथ ही दक्षिण दिल्ली के ग्रेटर कैलाश सीट से आप के सौरभ भारद्वाज बढ़त बनाए हुए हैं। उनका मुकाबला भाजपा की शिखा राय से है। 2013 में भी उन्होंने इस सीट से जीत हासिल की थी।
अपनी जीत को लेकर आश्वस्त सौरभ भारद्वाज ने भाजपा पर तंज किया है। सौरभ ने ट्वीट किया, “हनुमान का बज गया डंका। पाखंडियों की जल गई लंका ।। जय बजरंग बली !!!” उन्होंने एक और ट्वीट किया, भाजपा ने मुख्यमंत्री का अपमान किया,फिर स्कूलों के बच्चो की मेहनत का अपमान किया हद तब हो गई, जब बजरंग बली हनुमान तक का मजाक बना दिया। रावण ने भी उनका मजाक बनाया था,उनकी पूछ का मजाक उड़ाया था। बंदर केहके पूछ में आग लगाई थीं। आज मंगलवार को हनुमान जी के भाजपा की लंका में आग लगा दी।”
दिल्ली विधानसभा चुनाव परिणाम पर पूरा कवरेज, दिल्ली विधानसभा चुनाव नतीजों के लाइव अपडेट, विश्लेषण, सीटवार रिजल्ट…सब कुछ Jansatta.com पर।
सौरभ ने एक और ट्वीट कर कहा, “आज के बाद भाजपा मंगलवार को कभी वोट कि गिनती नहीं कराएगी। आज से मेरी ग्रेटर कैलाश विधानसभा में हर मंगलवार, भाजपा भक्तों को हनुमान जी की याद दिलाई जाएगी। जय बजरंग बली।”
सोशल मीडिया यूजर्स ने भी सौरभ भारद्वाज के ट्वीट पर कमेंट किए हैं। टि्वटर यूजर @DevenSaluja ने लिखा, “आज दिल्ली ना मुसलमान बना ना पाकिस्तान। सिर्फ लोकतंत्र की शान बना अपना हिंदुस्तान।” यूजर @RameshManglani ने लिखा, “जिनके खिलाफ हम लड़ते है, संभावना रहती है कि हमारी अभिव्यक्ति ओर भाषा पर उनकी भाषा का असर हो जाए। सजग भी रहना है।”
ग्रेटर कैलाश दक्षिण दिल्ली रिहाइशी इलाका है। साल 2008 में यह विधानसभा सीट घोषित किया गया। परिसीमन आयोग की सिफारिशों के बाद चुनाव आयोग ने यहां विधानसभा चुनाव संपन्न कराए थे। उस समय भाजपा के विजय कुमार मल्होत्रा ने कांग्रेस के जितेंदर कुमार कोचर को हराया था और विधायक बने। हालांकि 2013 के चुनाव में यह सीट आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने अपने खाते में कर ली थी। 2015 में भी सौरभ यहां से चुनाव जीते थे।

