चुनाव आयोग ने बुधवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 की तारीखों का ऐलान किया। ECद्वारा घोषित तारीखों के अनुसार दिल्ली की सभी 70 सीटों पर एक चरण में 5 फरवरी को वोट डाले जाएंगे, वहीं चुनाव के नतीजे 8 फरवरी 2025 को आएंगे। इस बीच कांग्रेस ने भी अपने चुनावी रण का आगाज करते हुए कई सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी पहली बार दिल्ली में रैली करेंगे।

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी 13 जनवरी 2025 को दिल्ली में एक चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। सूत्रों के मुताबिक, उनकी पहली रैली सीलमपुर में हो सकती है। वह पूर्वी दिल्ली के उम्मीदवारों के समर्थन में यह रैली करेंगे।

दिल्ली विधानसभा चुनाव में अब एक महीने से भी कम का समय रह गया है। ऐसे में अब कांग्रेस भी चुनावी दंगल में अपने सबसे बड़े नेता को उतारकर पार्टी के चुनाव प्रचार को धार देना चाहती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा के पक्ष में दो रैलियां कर चुके हैं। वहीं, आम आदमी पार्टी के नेता पदयात्रा कर मतदाताओं को लुभाने की कोशिश कर रहे हैं।

Delhi Elections 2025 Candidate List: जानिए सभी 70 विधानसभा सीटों पर प्रमुख प्रत्याशियों के नाम

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने जारी की तीन लिस्ट

कांग्रेस दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अब तक तीन लिस्ट जारी कर कुल 48 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर चुकी है। इसमें नई दिल्ली सीट से पूर्व मंख्यमंत्री शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित को उम्मीदवार बनाया गया है। इस सीट से आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल मैदान में हैं तो वहीं भाजपा ने भी पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे परवेश वर्मा को उम्मीदवार बनाया है।

दिल्ली में आम आदमी पार्टी सभी 70 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर चुकी है जबकि कांग्रेस अब तक तीन सूचियों में 48 और बीजेपी एक लिस्ट में 29 प्रत्याशियों के नाम का ऐलान कर चुकी है। दिल्ली की 70 सीटों में 58 सामान्य सीटें और 12 अनुसूचित जाति (SC) के लिए आरक्षित सीटें शामिल हैं।

वहीं, दूसरी ओर कांग्रेस ने अलका लांबा को कालकाजी सीट से उतारा है। इस सीट से आम की नेता और दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी मैदान में हैं। भाजपा ने अपने पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी को यहां से टिकट दिया है। देश-दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लिए पढ़ें jansatta.com का LIVE ब्लॉग