दिल्ली की आबोहवा को साफ और स्वच्छ बनाने के साथ-साथ हरित क्षेत्र को बढ़ाने के लिए हर साल बड़ी संख्या में वृक्षारोपण किया जाता है। इस साल खासकर मानसून के दौरान राजधानी में 64 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था लेकिन दिल्ली सरकार के कई विभागों ने इसमें कोई खास दिलचस्पी नहीं दिखाई जबकि केंद्र सरकार के सीधे दखल वाले विभागों का प्रदर्शन काफी हद तक अच्छा रहा है। इसका खुलासा उप वन संरक्षक (डीसीएफ) की रपट में हुआ है।
गौर करने वाली बात तो यह है कि दिल्ली सरकार का पर्यावरण विभाग (उद्यान) और वन विभाग भी अपने निर्धारित लक्ष्य को हासिल नहीं कर पाया है। हैरानी की बात तो यह है कि पर्यावरण विभाग (उद्यान) तो एक भी पौधा नहीं लगा पाया है जिसको शहर में 1800 पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया था।
दिल्ली सरकार की उप वन संरक्षक (डीसीएफ) चेष्टा सिंह की ओर से पिछले दिनों वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग की समीक्षा बैठक में साल 2024-25 के दौरान विभागों/एजंसियों को दिये गये लक्ष्य संबंधी विस्तृत रपट दी गई।
इस रपट में दिल्ली सरकार के वन विभाग, पर्यावरण विभाग (उद्यान) के अलावा लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, डीएसआइआइडीसी, दिल्ली जल बोर्ड, दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (ड्यूसिब), सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग और दिल्ली परिवहन निगम आदि प्रमुख रूप से शामिल है जोकि अपने निर्धारित लक्ष्य को पूरा नहीं कर पाए हैं।
कई विभागों ने हासिल किया लक्ष्य
दिल्ली विकास प्राधिकरण, केंद्रीय लोक निर्माण विभाग, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण नेशनल (एनएचएआइ), दिल्ली मेट्रो रेल निगम, उत्तर रेलवे के अलावा राष्ट्रीय तापविद्युत निगम (एनटीपीसी), बीएसईएस राजधानी, एनडीपीएल, दिल्ली नगर निगम को भी पौधारोपण करने के अलग-अलग लक्ष्य दिए गये थे। इनमें से भी किसी विभाग ने लक्ष्य को हासिल नहीं किया है।
इंडिया गठबंधन के लिए ‘कुर्बानी’ देगी आम आदमी पार्टी? महाराष्ट्र-झारखंड चुनाव को लेकर बड़ी खबर
केंद्र सरकार के अधीनस्थ उत्तर रेलवे 24000 पौधे लगाने के लक्ष्य में से एक पौधा नहीं लगा पाया। वहीं, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद और दिल्ली छावनी बोर्ड ने लक्ष्य से कहीं ज्यादा पौधारोपण करने का रेकार्ड बनाया है। पालिका परिषद ने 612000 की जगह 1368543 पौधे लगाकर 223.61 फीसद का रेकार्ड बनाया। इसी तरह दिल्ली छावनी बोर्ड ने 12180 के लक्ष्य से आगे जाकर 23850 पौधे लगाकर 195.81 फीसद की उपलब्धि हासिल की है।
दिल्ली मेट्रों ने भी नहीं दिखाई दिलचस्पी
दिल्ली के सबसे बड़े नगर निकाय एमसीडी ने 629958 में से 363595 पौधे लगाकर 58 फीसद लक्ष्य हासिल किया। इस अभियान एक भी पौधा नहीं लगाने वाले दिल्ली सरकार के पर्यावरण विभाग (उद्यान) के अलावा दिल्ली परिवहन निगम भी है। वहीं, वन विभाग 2040000 में से 789910 पौधे लगाकर 39 फीसद लक्ष्य ही हासिल कर पाया। शहर में 31 अगस्त, 2024 तक पौधारोपण करने वालों में दिल्ली मेट्रो रेल निगम ने भी कोई ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखाई है।
उसने 3000 के लक्ष्य में से सिर्फ 1924 पौधे लगाकर 64.13 फीसद उपलब्धि हासिल की है तो ड्यूसिब ने 15000 में से सिर्फ 10696 पौधे लगाकर 71.30 फीसद का लक्ष्य हासिल किया है। इस पूरे वृक्षारोपण मामले का तृतीय-पक्ष आडिट भी करवाया जाएगा। इस साल 21 विभागों ने पौधे लगाने का 72.25 फीसद लक्ष्य हासिल किया है।
रपट से खुलासा
विभाग -पौधारोपण लक्ष्य (2024-25), -उपलब्धि, -लक्ष्य हासिल फीसद में
पर्यावरण (उद्यान) -1800, -00, -00
डीटीसी -1530, -00, -00
उत्तर रेलवे -24000, -00, -00
उच्च एवं तकनीकी शिक्षा -120000, -24999, -20.83
लोक निर्माण विभाग -396960, -11051, -27.84
दिल्ली जल बोर्ड -38184, -10979, -28.75
सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण -40000, -12854, -32.13
वन विभाग -2040000, -789910, -39
दिल्ली नगर निगम -629958, -363595, -58
एनडीपीएल -12000, -7500, -62.50
डीएमआरसी -3000, -1924, -64.13
ड्यूसिब -15000, -10696, -71.30
डीडीए -1020000, -780951, -76.56
सीपीडब्लूडी -31800, -25522, -80.25
डीएसआइआइडीसी -72181, -59258, -82.09
बीएसईएस राजधानी -36000, -33360, -92.66
एनएचएआई -84000, -78507, -93.46
शिक्षा विभाग -330000, -324694, -98.39
दिल्ली छावनी बोर्ड -12180, -23850, -195.81
एनडीएमसी -612000, -1368543, -223.61