देश में कोरोनावायरस के बढ़ते मामलों के बीच अब संक्रमण से सेना और पैरामिलिट्री फोर्स के जवान भी सुरक्षित नहीं है। पूर्वी दिल्ली में शनिवार को सीआरपीएफ की 31वीं बटालियन से जुड़े 68 और जवानों की टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसी के साथ अब इस बटालियन के कुल 122 लोग संक्रमित हैं। जबकि देश में सीआरपीएफ के कुल 127 जवान पीड़ित पाए गए हैं। इनमें एक जवान की जान जा चुकी है, जबकि एक अन्य ठीक हुआ है। अभी 100 अन्य जवानों की टेस्ट रिपोर्ट आनी भी बाकी है।

चौंकाने वाली बात यह है कि संक्रमण के यह सभी केस दो हफ्ते के अंदर ही आए हैं। 31वीं बटालियन फिलहाल दिल्ली के मयूर विहार फेज-3 में तैनात है। बटालियन में तैनात असम के एक जवान की इसी हफ्ते दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में मौत भी हुई थी। इसके बाद स्वास्थ्यकर्मियों ने जवानों की टेस्टिंग की रेंज बढ़ा दी थी। बड़ी संख्या में संक्रमण के केस मिलने के बाद बटालियन को पहले ही सील किया जा चुका है। शुक्रवार को यहां से संक्रमण के 12 नए मामले आए थे, जबिक दो दिन पहले कुल 45 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। आज भी 68 नए केस दर्ज किए गए हैं।

Follow Jansatta Covid-19 tracker

माना जा रहा है कि इन जवानों को सीआरपीएफ की ही पैरामेडिक यूनिट के एक नर्सिंग असिस्टेंट से संक्रमण फैला। नर्सिंग असिस्टेंट को 21 अप्रैल को रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद दिल्ली के राजीव गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

सीआरपीएफ की 31वीं बटालियन में करीब 1000 जवान हैं। एक ही बटालियन से इतने सारे केस आना गृह मंत्रालय के लिए भी चिंता का विषय बन गया है। सीआरपीएफ ने कहा है कि सभी कंपनियों को जवानों की सुरक्षा के लिए सैनिटाइजर मशीन लगाना जरूरी है। साथ ही ड्यूटी के दौरान गाड़ी चलाने वाले जवानों को ड्यूटी के दौरान ही सैनिटाइजेशन के लिए जा सकते हैं।

बिहार से जुड़ी कोरोना की सभी खबरें जानने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें

देश में आज कोरोनावायरस के कुल 2293 मामले सामने आए। यह एक दिन में संक्रमण के नए केसों का रिकॉर्ड है। अब तक कुल 37,336 संक्रमित सामने आ चुके हैं। वहीं देश में 1218 लोगों की कोरोना से मौत भी हुई है। दिल्ली देश का तीसरा सबसे प्रभावित राज्य/केंद्र शासित प्रदेश है। यहां अब तक 3738 पीड़ित हैं और 61 की मौत हुई है।