Corona Virus in India: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के साथ-साथ अब राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी कोरोना वायरस महामारी का प्रकोप बढ़ता नजर आ रहा है। मुंबई के बाद अब दिल्ली भी डराने लगी है। दिल्ली में पिछले 10 दिनों से लगातार 500 से अधिक मामले सामने आ रहे थे लेकिन गुरुवार को राजधानी में पहली बार सबसे  ज्यादा एक हजार मामले सामने आए हैं। दिल्ली अब कोरोना संक्रमित पांच शहरों की सूची में दूसरे स्थान पर आ गई है। राजधानी दिल्ली में अबतक कोरोना के 16281 मामले सामने आए हैं इनमें से 7500 ठीक हो चुके हैं। दिल्ली, मुंबई के बाद कोरोना के सबसे अधिक मामलों में दूसरे नंबर पर हैं। इसके बाद चेन्नई, अहमदाबाद और पुणे हैं।

दिल्ली में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच राहत की बात यह है कि राजधानी में मामलों के बढ़ते औसत राष्ट्रीय औसत से कम है। कोरोना मामले की बढ़ रही संख्या का राष्ट्रीय औसत 5.02 है जबकि दिल्ली का औसत 4.89 है। वहीं, राष्ट्रीय औसत से अधिक औसत बिहार, असम, केरल और महाराष्ट्र का है। महाराष्ट्र में कोरोना के बढ़ते मामले का औसत 5.44 प्रतिशत है। बता दें कि गुरुवार को भारत में कोरोना ते 7200 नए मामले सामने आए थे जिसके बाद देश में कोरोना के मामलों की संख्या बढ़कर 1.65 लाख के पार हो गई थी।

दिल्ली में बढ़ते मामलों का असर पड़ोसी राज्यों में भी दिखाई दे रहा है। हरियाणा में भी मामले राष्ट्रीय औसत से तेजी से बढ़ रहा है। गुरुवार को राज्य में रोज से अधिक 123 मामले सामने आए थे इनमें से 92 मामले, गुड़गांव, फरीदाबाद और सोनीपत से आए थे। हरियाणा सरकार ने दिल्ली से सटी सीमाएं सील कर दी हैं। इतना ही नहीं अब राज्य को दिल्ली से जोड़ने वाले ग्रामीण सड़कें भी  ब्लॉक कर दी गई हैं।

उधर, कर्नाटक में भी कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं। गुरुवार को राज्य में कोरोना के 85 नए मामले दर्ज किए गए। राज्य में संक्रमितों की बढ़ती संख्या के बीच राज्य सरकार ने महाराष्ट्र, तमिलनाडु, गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली से आने वाले लोगों  पर प्रतिबंध लगा दिया है।