अभी देश से कोरोना का कहर खत्म नहीं हुआ है। इस महामारी से निपटने के लिए किये जा रहे तमाम प्रयासों के बीच अलग-अलग राज्यों में बर्ड फ्लू ने दस्तक देकर सरकार और प्रशासन की पेशानी पर बल ला दिया है। अब इसपर केंद्रीय पशुपालन मंत्री का बयान भी आया है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि ‘यह जरुरी है कि बर्ड फ्लू को लेकर अफवाह ना फैलाई जाए। यह भारत में साल 2006 से ही देखा गया है। अगर खाना ठीक से पका हो तो इंसानों को इससे कोई खतरा नहीं है।

गिरिराज सिंह ने कहा कि अब तक दिल्ली समेत 10 राज्यों में बर्ड फ्लू के मामले पाए गए हैं। उन्होंने कहा कि उनके मंत्रालय ने अक्टूबर में ही बर्ड फ्लू की आशंकाओं को लेकर दिशानिर्देश जारी कर दिए थे। बर्ड फ्लू के मामलों की निगरानी के लिए पशुपालन मंत्रालय में एक कंट्रोल रूम काम कर रहा है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मंत्रालय के सचिव ने सभी राज्यों के मुख्य सचिवों को पत्र लिखकर बर्ड फ्लू की गाइडलाइन भेजी है। पत्र में ये भी लिखा है कि बर्ड फ्लू को लेकर खौफ पैदा न करें।

इधर दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि ‘मैं आम जनता से अपील करता हूं कि वो घबराए नहीं, सरकार सभी एहतियाती कदम उठा रही है। सरकार ने फैसला किया है कि फिलहाल दिल्ली के बाहर से आने वाले प्रोसेस्ड चिकेन पर बैन लगाया जा रहा है।’ डिप्टी सीएम ने यह भी जानकारी दी है कि दिल्ली में संजय लेक के बत्तखों में सिर्फ बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। अन्य सैंपल भी लिए गए हैं लेकिन अभी रिपोर्ट आना बाकी है।

आपको बता दें कि यूपी में बर्ड फ्लू की एंट्री कानपुर से हुई, जहां चिड़ियाघर में चार मरे पक्षियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद चिड़ियाघर को सील कर दिया गया। कानपुर चिड़ियाघर में दो दिनों में 10 पक्षी मरे मिले। अब उस बाड़े के सभी पक्षियों को मारने के आदेश दिए गए हैं। कानपुर प्रशासन ने पूरे इलाके को रेड जोन घोषित कर दिया, जहां लोगों के आने पर भी मनाही है।

मध्य प्रदेश में अब तक 13 जिलो जिला इंदौर, मंदसौर, आगर, नीमच, देवास, उज्जैन, खडवा, खरगौन, गुना, शिवपुरी, राजगढ़, शाजापुर, विदिशा में कौओ में बर्डफ्लू की पुष्टि हो चुकी है। हरियाणा के पंचकूला जिले के दो कुक्कुट फॉर्म में एवियन इन्फ्लुएंजा (बर्ड फ्लू) के संक्रमण की पुष्टि होने के बाद राज्य सरकार ने नौ त्वरित प्रतिक्रिया दल तैनात किए हैं। महाराष्ट्र के लातूर में अहमदपुर इलाके के 10 किलोमीटर के क्षेत्र को अलर्ट जोन घोषित किया गया है। जहां पर 128 मुर्गियों सहित 180 पक्षी मृत पाए गए हैं। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में रविवार को पोंग बांध वन्यजीव अभयारण्य में 215 प्रवासी पक्षी मृत पाए गए।