कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए विभिन्न राज्यों की सरकारों ने अपने-अपने राज्यों में लॉकडाउन कर दिया है। इसके चलते आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। लॉकडाउन के चलते बिहार में एक ऐसा मामला सामने आया है, जो कि थोड़ा अजीब लग सकता है लेकिन इसकी तारीफ की जानी चाहिए। दरअसल पटना में एक लड़की का निकाह वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुआ।
इस निकाह का वीडियो भी सामने आया है। जिसमें दिखाई दे रहा है कि दुल्हन पक्ष के लोग बैठे हुए निकाह की रस्में पूरी कर रहे हैं। वहीं सामने एक स्क्रीन पर दुल्हा पक्ष के लोग दिखाई दे रहे हैं और निकाह की रस्में पूरी कर रहे हैं। निकाह की सभी रस्में पूरी होने के बाद दुल्हन पक्ष के लोग एक दूसरे को गले मिलकर बधाई देते हैं।
स्क्रीन में दिखाई दे रहा है कि ऐसा ही कुछ दूल्हा पक्ष के लोग भी कर रहे हैं। दरअसल लॉकडाउन के चलते सरकार ने लोगों के इकट्ठा होने पर रोक लगायी हुई है। ऐसे में शादी-निकाह के कार्यक्रम टाल दिए गए हैं। हालांकि पटना के इस परिवार ने निकाह टालने के बजाय डिजिटल इंडिया की मदद से निकाह संपन्न कराया।
#WATCH Bihar: ‘Nikah’ of a couple was performed through video conferencing in Patna yesterday, amid lockdown in the state due to #COVID19. pic.twitter.com/WtQaiZCuyH
— ANI (@ANI) March 24, 2020
बता दें कि कोरोना वायरस के चलते कई राज्यों में लॉकडाउन लागू कर दिया गया है। इनमें दिल्ली, बिहार, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश आदि शामिल हैं। इस दौरान लोगों के घरों से बाहर निकलने, किसी भी तरह का आयोजन करने या आयोजन में शामिल होने की मनाही की गई है।
देश में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 500 के पार चली गई है। ऐसे में सरकारों की कोशिश है कि इस माहमारी को फैलने से रोका जाए। इसके लिए सरकार की तरफ से पाबंदी लगाने के साथ ही लोगों को जागरुक भी किया जा रहा है।