दिल्‍ली में कांग्रेस और भाजपा दोनों प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर कांग्रेस सरकारों को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए ‘लोकतंत्र बचाओ मार्च’ निकाला। मार्च से पहले रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्‍यक्ष सोनिया गांधी ने केंद्र सरकार पर हमला बोला। उन्‍होंने कहा कि जिंदगी ने उन्‍हें संघर्ष करना सिखाया है। हमने कई चुनौतियां झेली हैं। वे नहीं जानते हम किस चीज के बने हुए हैं। देश विरोधी ताकतों से लड़ना हमारे लिए कोई नई बात नहीं है। जिस दिन पानी सिर से ऊपर चला जाएगा उस दिन भारत के लोग बड़े बड़ों को पानी पिला देंगे।

इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि कांग्रेस देश की आत्‍मा है। कांग्रेस बहती नदी की तरह है  जिस पर चाहे जितने आरोप लगाए जाएं, वह अपने रास्‍ते से नहीं भटकेगी। वहीं राहुल गांधी ने कहा कि देश में केवल नरेंद्र मोदी और मोहन भागवत की ही आवाज सुनाई देती है। जो भी इनके खिलाफ खड़ा होता है उन पर झूठे आरोप लगाए जाते हैं। रैली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, उपाध्यक्ष राहुल गांधी, और पूर्व पीएम मनमोहन सिंह समेत सभी बड़े नेता मौजूद हैं।

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कहा कि ईडी और सीबीआई के जरिए कांग्रेस को बदनाम किया जा रहा है। कांग्रेस शासित राज्‍यों को कमजोर करने की साजिश भी रची जा रही है। वहीं कमलनाथ ने कहा कि लोकतंत्र की हत्‍या हो रही है। भाजपा अगस्‍ता वेस्‍टलैंड मामले के जरिए ध्‍यान भटकाने की कोशिश कर रही है।

वहीं भाजपा सांसदों ने भी शुक्रवार को संसद परिसर में गांधी प्रतिमा के करीब प्रदर्शन किया। भाजपा का प्रदर्शन अगस्ता घोटाले में कांग्रेस नेताओं के नाम आने के ख़िलाफ है। भाजपा के इस प्रदर्शन को कांग्रेस के मार्च का जवाब भी माना जा रहा है। अगस्‍ता मामले में तख्तियां लेकर भाजपा सांसद गांधी प्रतिमा के करीब बैठे।