कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से सोमवार देर रात दुर्गा सप्तशती का एक मंत्र ट्वीट किया गया। इसके बाद कयासों का दौर लगना शुरू हो गया है। कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने पुष्टि कर दी है कि यह ट्वीट प्रियंका गांधी ने खुद किया, लेकिन इसका मतलब अब तक स्पष्ट नहीं हुआ है। गौरतलब है कि लखनऊ पुलिस पर अभद्रता के आरोप लगाने के बाद प्रियंका गांधी सुर्खियों में हैं।

रात 12:55 बजे किया गया ट्वीट: जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के ऑफिशल ट्विटर हैंडल से 12:55 बजे पर एक ट्वीट किया गया। इसमें लिखा है, ‘ऊं ऐं ह्रीं क्लीं चामुंडाय विच्चे।’ इस पर लोगों ने अलग-अलग कयास लगाने शुरू कर दिए हैं। वहीं, कुछ लोगों ने प्रियंका गांधी पर निशाना साधा है।

Hindi News Today, 31 December 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक

यूजर्स ने दिए ऐसे रिएक्शंस: दुर्गा सप्तशती के मंत्र को ट्वीट किए जाने के बाद लोगों ने इस पर अलग-अलग प्रतिक्रिया दीं। एक यूजर ने लिखा, ‘नासमझ को समझना जरूरी नहीं। समझदारों को तो इशारा ही काफी होता है। यह मंत्र नारी शक्ति का प्रतीक है।’ वहीं, दूसरे यूजर ने इस ट्वीट को राष्ट्रीयता से जोड़ा तो किसी ने इसे कामना सिद्धि मंत्र बताया। इसके अलावा एक शख्स ने मंत्र में गलतियां होने की जानकारी दीं।

लखनऊ दौरे पर सुर्खियों में आ गई थीं प्रियंका: गौरतलब है कि कुछ दिन पहले प्रियंका गांधी 2 दिवसीय दौरे पर लखनऊ गई थीं। उस दौरान उन्होंने लखनऊ पुलिस पर गला दबाने का आरोप लगाया था। उस दौरान सीएए विरोध को लेकर हुए प्रदर्शनों में पुलिस की कार्रवाई पर प्रियंका गांधी ने बीजेपी सरकार को निशाने पर लिया था। वहीं, लखनऊ के एसएसपी कलानिधि नैथानी ने आरोपों को पूरी तरह से बेबुनियाद बताया था।