Congress President Election: कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव की दौड़ में अब पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह का नाम भी शामिल हो गया है। दिग्विजय सिंह गुरुवार (29 सितंबर) को कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मैं नामांकन फॉर्म लेने आया हूं। कल पर्चा दाखिल करने की पूरी संभावना रहेगी।

मीडिया से बातचीत के दौरान दिग्विजय सिंह ने दावा किया कि कांग्रेस के अध्यक्ष पद के चुनाव लड़ने का फैसला उनका निजी है। उन्होंने इस बारे में गांधी परिवार से बात नहीं की है। राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत भी कांग्रेस अध्यक्ष पद की रेस में बने हुए हैं। वह इस बारे में चर्चा करने के लिए गुरुवार को सोनिया गांधी से मिलने दिल्ली पहुंचे हैं। पार्टी के कुछ नेताओं का मानना ​​है कि यह कदम गहलोत पर दबाव बनाने की कोशिश है।

कमलनाथ राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के इच्छुक नहीं: इससे पहले तक अध्यक्ष की रेस में कमलनाथ का भी नाम था, लेकिन बुधवार को उन्होंने इससे साफ इनकार करते हुए कहा कि हम रेस में नहीं है। मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रमुख कमलनाथ ने कहा कि वह पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के इच्छुक नहीं हैं और वह इस पद के लिए चुनाव भी नहीं लड़ना चाहते हैं। उनके लिए प्राथमिकता अपना गृह राज्य है। वह पूरा फोकस इस पर रखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के विधानसभा का चुनाव होने में अब सिर्फ 12 महीने बचे हैं। अगर यहां से हट गया तो यहां पर ध्यान नहीं केंद्रित कर पाऊंगा।

शशि थरूर भी करेंगे नामांकन: वहीं, लोकसभा सांसद शशि थरूर ने भी घोषणा की है कि वह अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ेंगे और 30 सितंबर 2022 को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इसके साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए मल्लिकार्जुन खड़गे, मुकुल वासनिक और सुशील कुमार शिंदे जैसे कई नेताओं के नाम भी संभावित उम्मीदवारों के रूप में हैं।

गौरतलब है कि कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 24 सितंबर 2022 से शुरू हुई है और 30 सितंबर तक चलेगी। नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि 8 अक्टूबर है। एक से अधिक उम्मीदवार होने पर 17 अक्टूबर को मतदान होगा और परिणाम 19 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।