कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे को कर्नाटक से राज्यसभा चुनाव के लिए शुक्रवार के अपना उम्मीदवार घोषित किया। पार्टी महासचिव मुकुल वासनिक की ओर से जारी बयान के मुताबिक कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उम्मीदवारी के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री खड़गे के नाम को स्वीकृति प्रदान की।
खड़गे पिछली लोकसभा में कांग्रेस के सदन में नेता थे। वह 2019 में लोकसभा चुनाव हार गए थे। कर्नाटक में राज्यसभा की चार सीटों के लिए 19 जून को चुनाव होना है। कांग्रेस के दो मौजूदा राज्यसभा सदस्यों एमवी राजीव गौड़ा और बीके हरिप्रसाद का कार्यकाल इस महीने के आखिर में पूरा हो रहा है।
राज्य विधानसभा के मौजूदा संख्या बल के आधार पर कांग्रेस को चार में से सिर्फ एक सीट मिलती दिख रही हैं। भाजपा के खाते में दो सीटें जाना तय माना जा रहा है। ऐसे में चौथी सीट के लिए चुनाव की संभावना है। अगर कांग्रेस और जनता दल (सेक्युलर) साझा उम्मीदवार खड़ा करते हैं तो चौथी सीटें उनके खाते में आ सकती है।
Coronavirus in India Live Updates
इससे पहले, गुजरात में कांग्रेस विधायक बृजेश मेरजा ने शुक्रवार को विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। एक सप्ताह में यह कांग्रेस के तीसरे विधायक ने इस्तीफा दिया है। विधानसभा सचिवालय ने पुष्टि की कि विधानसभा अध्यक्ष राजेन्द्र त्रिवेदी ने मेरजा का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।
मेरजा ने मोरबी सीट से चुनाव जीता था। पिछले तीन दिन में इस्तीफा देने वाले वह कांग्रेस के तीसरे विधायक हैं। विधायक के तौर पर इस्तीफा देने से पहले मेरजा ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे दिया था। पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को भेजे इस्तीफे में मेरजा ने कहा कि वह लोगों की सेवा करने के लिए कांग्रेस का हिस्सा बने थे लेकिन ‘‘ पार्टी में रहते हुए वह ऐसा नहीं कर पा रहे थे।’’
कांग्रेस विधायक अक्षय पटेल और जीतू चौधरी ने बुधवार शाम को इस्तीफा दे दिया था। वहीं, मार्च में भी कांग्रेस के पांच विधायकों ने इस्तीफा दे दिया था। मार्च से अब तक पार्टी के कुल आठ विधायक इस्तीफा दे चुके हैं। हर एक विधायक के पार्टी छोड़ने के साथ ही कांग्रेस की दूसरी राज्यसभा सीट जीतने की संभावना कम होती जा रही है।
बता दें कि राज्य से चार राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव पहले 26 मार्च को होने वाले थे लेकिन कोरोना वायरस से निपटने के लिए लगाए गए लॉकडाउन के कारण इसे अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था। अब यह 19 जून को होने वाले हैं। राज्य की 182 सदस्यीय विधानसभा में सत्तारूढ़ भाजपा के 103 और विपक्षी दल कांग्रेस के 66 विधायक हैं। (PTI-Bhasha इनपुट्स के साथ)