कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार में लोगों को गुलाम बनाने की कोशिश की जा रही है। केरल के वायनाड से सांसद राहुल गांधी ने सोमवार (31 अगस्त, 2020) को ट्वीट कर कहा कि जो आर्थिक त्रासदी देश झेल रहा है उस दुर्भाग्यपूर्ण सच्चाई की आज पुष्टि हो जाएगी। भारतीय अर्थव्यवस्था 40 वर्षों में पहली बार भारी मंदी में है। ‘असत्याग्रही’ इसका दोष ईश्वर को दे रहे हैं। सच जानने के लिए मेरा वीडियो देखें।
दरअसल राहुल गांधी ने ट्वीट के साथ अपना वीडियो भी शेयर किया है। इसमें उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में असंगठित अर्थव्यवस्था पर आक्रमण किया गया है। लोगों को गुलाम बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि साल 2008 में पूरी दुनिया में जबरदस्त आर्थिक मंदी आई। अमेरिका, जापान, यूरोप और चीन जैसे देशों में आर्थिक मंदी आई। अमेरिका के बैंक बर्बाद हो गए, कंपनियां बंद हो गईं। एक के एक कंपनिया बंद होती चली गईं। यूरोप के बैंक गिर गए। मगर भारत पर इसका असर नहीं हुआ।
वीडियो में राहुल आगे कहते हैं, ‘उस आर्थिक मंदी में भारत को कुछ नहीं हुआ। यूपीए की सरकार थी, मैं प्रधानमंत्री के पास गया और मैंने उनसे पूछा कि पूरी दुनिया में आर्थिक नुकसान हुआ है। भारत में इसका कोई असर नहीं हुआ। इसका कारण क्या है? तब मनमोहन सिंह ने मुझसे कहा कि हिंदुस्तान की अर्थव्यवस्था समझने के लिए सबसे पहले समझना होगा कि भारत में दो अर्थव्यवस्थाएं हैं। पहली असंगठित अर्थव्यवस्था और दूसरी संगठित अर्थव्यवस्था।’
यहां देखे वीडियो-
जो आर्थिक त्रासदी देश झेल रहा है उस दुर्भाग्यपूर्ण सच्चाई की आज पुष्टि हो जाएगी: भारतीय अर्थव्यवस्था 40 वर्षों में पहली बार भारी मंदी में है।
‘असत्याग्रही’ इसका दोष ईश्वर को दे रहे हैं।
सच जानने के लिए मेरा वीडियो देखें। pic.twitter.com/sDNV6Fwqut
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) August 31, 2020
इधर राहुल गांधी के इस ट्वीट पर सोशल मीडिया यूजर्स भी जमकर प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। गीतू @GeetaSh66777841 लिखती हैं, ‘देश के अगले पीएम राहुल गांधी होंगे।’ श्रीवत्स @srivatsayb लिखते हैं, ‘पिछले 45 सालों में बेरोजगारी दर सबसे खराब। जीडीपी विकास दर पिछले चालीस सालों में सबसे कम। किसान आय पिछले 14 सालों में सबसे कम। ईंधन की कीमतें अपने उच्चतम स्तर पर। 20 लाख करोड़ का जुमला पैकेज। टैक्स संग्रह 46 फीसदी से कम। 1.50 करोड़ लोगों की नौकरियां चली गईं। अगर ये सब भगवान का काम है तो हमें सरकार की जरुरत ही क्या है।’
इसी तरह हाशिम @MD___hashim लिखते हैं, ‘पीएम देश के लिए पनौती हैं। उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था को चौपट कर दिया है।’ थापड़ देशी @DesiStupides लिखते हैं, ‘पिछले 6 सालों में नरेंद्र मोदी और मोदी सरकार के मंत्रियों ने केवल देश को बर्बाद किया है। जानता हूं भ%$त नहीं मानेंगे क्योंकि मोदी भ%$त देश की बर्बादी के लिए मोदी से ज्यादा जिम्मेदार हैं।’ शिल्पी सिंह @ShilpiSinghINC लिखती हैं, ‘नरेंद्र मोदी के कार्यकाल मे देश आर्थिक रुप से कमजोर ही नहीं बल्कि आर्थिक रुप से गरीब राष्ट्रों की श्रेणी मे भी आ चुका है। आज देश में बेरोजगारी 50 सालों मे सबसे अधिक है। क्या इन्हीं अच्छे दिनों के नाम पर उन्हें सत्ता जनता ने सौंपी है?’